#यूटिलिटी
May 22, 2025
सीएम सुक्खू ने केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाकात, प्रदेश की आर्थिकी बढ़ाने स्वास्थ्य सेवाओं पर हुआ मंथन
सीएम सुक्खू ने स्वास्थ्य एवं जल परियोजनाओं के लिए मांगा सहयोग
शेयर करें:
नई दिल्ली/शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली दौरे पर हैं। आज गुरुवार को सीएम सुक्खू ने दिल्ली में केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात कर हिमाचल के हकों पर बात की। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य हिमाचल के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना और जल विद्युत परियोजनाओं को गति देना था। मुख्यमंत्री ने अलग.अलग बैठकों में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात कर राज्य की प्राथमिकताओं को विस्तार से प्रस्तुत किया।
सीएम सुक्खू ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात कर हिमाचल के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्र से आवश्यक सहायत प्रदान करने की मांग की। इस बैठक में सीएम सुक्खू ने जेपी नड्डा से आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के क्रियान्वयन और स्वास्थ्य अधोसंरचना को लेकर विस्तार से चर्चा की।
यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर बोले- नहीं सुधरा पाकिस्तान तो अगली बार कोई जना*जा उठाने वाला भी नहीं बचेगा
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कैंसर केयर सेंटर के निर्माण हेतु केंद्रीय सहयोग मांगा और राज्य के अस्पतालों में नवीनतम चिकित्सा तकनीक और आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था के लिए विशेष सहायता की आवश्यकता बताई। उन्होंने यह भी कहा कि पहाड़ी राज्यों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के मानदंडों में ढील दी जानी चाहिए, जिससे प्रदेश को वास्तविक लाभ मिल सके।
इसके अतिरिक्त सीएम सुक्खू ने लंबित धनराशि को शीघ्र जारी करने की अपील भी की, जिस पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि राज्य के हितों की रक्षा सर्वोपरि है।
इसी तरह से सीएम सुक्खू ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात की और किशाऊ बांध परियोजना से जुड़े वित्तीय पहलुओं पर सार्थक चर्चा की। उन्होंने रेणुका बांध परियोजना के अंतर्गत स्थानीय क्षेत्र विकास निधि और निःशुल्क बिजली घटक से संबंधित मामलों पर भी ध्यान देने का आग्रह किया। सीएम सुक्खू ने जोर देकर कहा कि किशाऊ जल विद्युत परियोजना के लिए भारत सरकार या इस परियोजना से लाभाविंत होने वाले राज्य दिल्ली, हरियाणा उत्तर प्रदेश और राजस्थान को इस योजना का खर्च वहन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश को दी जाने वाली लंबित राशि शीघ्र जारी करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जल विद्युत परियोजनाएं न केवल ऊर्जा के स्रोत हैं, बल्कि ये राष्ट्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे में इन परियोजनाओं के संदर्भ में पर्यावरणीय और सामाजिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए हिमाचल प्रदेश को उचित मुआवज़ा मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री सुक्खू की इन उच्चस्तरीय बैठकों को हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और जल संसाधनों के प्रबंधन को नई दिशा देने के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश सरकार की मंशा है कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें और जल विद्युत परियोजनाओं से राज्य को आर्थिक लाभ भी प्राप्त हो। सूत्रों के अनुसार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने सीएम सुक्खू को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।