#यूटिलिटी
October 15, 2025
सुक्खू सरकार का कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट : CM ने डीए देने का किया एलान
केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 58 प्रतिशत डीए दे रही है,
शेयर करें:
शिमला। दिवाली से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को राज्य सरकार के अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशन भोगियों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) जारी करने की घोषणा की।
CM सुक्खू ने यह ऐलान बिजली बोर्ड कर्मचारियों के अधिवेशन के दौरान किया, जिससे लाखों कर्मचारियों को सीधा राहत मिलेगी। CM सुक्खू ने कहा कि अक्टूबर महीने के वेतन और पेंशन के साथ संशोधित डीए का भुगतान किया जाएगा।
वहीं, अप्रैल से सितंबर 2025 तक की अवधि का बकाया डीए कर्मचारियों और पेंशनरों के बैंक खातों में जमा किया जाएगा। CM सुक्खू ने बताया कि जुलाई 2023 से मार्च 2025 के बीच का लंबित महंगाई भत्ता अलग से निपटाने के लिए सरकार जल्द अलग अधिसूचना जारी करेगी।
CM सुक्खू ने 2025-26 के बजट भाषण के दौरान तीन प्रतिशत डीए देने की घोषणा की थी, लेकिन वित्तीय दबावों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण इसका क्रियान्वयन टलता रहा। अब, दिवाली से पहले इसे लागू करके सरकार ने कर्मचारियों को त्योहारी तोहफा दिया है।
वर्तमान में केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 58 प्रतिशत डीए दे रही है, जबकि हिमाचल में अब तक 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता लागू था। CM सुक्खू की नई घोषणा के बाद यह 45 प्रतिशत हो जाएगा। इसका अर्थ यह है कि अब भी हिमाचल के कर्मचारियों को केंद्र के मुकाबले 13 प्रतिशत कम डीए मिल रहा है। बावजूद इसके, यह निर्णय राज्य के वित्तीय हालात को देखते हुए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान CM सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में कर्मचारियों की मेहनत और निष्ठा सबसे बड़ी पूंजी है। सरकार उनके अधिकारों का पूरा ध्यान रखेगी। CM सुक्खू ने यह भी जोड़ा कि सरकार कर्मचारियों की लंबित मांगों पर चरणबद्ध तरीके से निर्णय ले रही है, ताकि राज्य की आर्थिक स्थिति पर एकमुश्त दबाव न पड़े।
यह घोषणा CM सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी संघ के अधिवेशन में की। अधिवेशन में कर्मचारियों ने CM सुक्खू का स्वागत करते हुए लंबित डीए, पदोन्नति और अन्य भत्तों को लेकर अपनी मांगें रखीं। इस मौके पर CM सुक्खू ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के साथ संवाद बनाए रखेगी और उचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
घोषणा के तुरंत बाद CM सुक्खू ने वित्त विभाग को निर्देश दिए कि डीए की अधिसूचना शीघ्र जारी की जाए, ताकि कर्मचारियों और पेंशनरों को अक्टूबर की सैलरी के साथ इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि बकाया राशि का भुगतान सीधे बैंक खातों में करने से प्रक्रिया पारदर्शी और तेज होगी।
दिवाली से पहले इस घोषणा ने प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ा दी है। कई विभागों में कर्मचारियों ने इस फैसले को “त्योहार से पहले तोहफा” बताते हुए सरकार का आभार जताया।