#अपराध
July 31, 2026
हिमाचल: सड़क के बीचों-बीच पड़ी मिली देह, शरीर पर नहीं था एक भी कपड़ा; उठे कई तरह के सवाल
तेज रफ्तार वाहन द्वारा कुचलने की भी आशंका, बिना कपड़ों के चलते गंभीर हुआ मामला
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर आए दिन हो रहे सड़क हादसे लगातार लोगों की जान ले रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं न केवल हादसों को बढ़ा रही हैं, बल्कि कई हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां भी छीन रही हैं। इसी बीच बिलासपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
शुक्रवार सुबह चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर एक शव नग्न अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, लेकिन शव की हालत और घटनास्थल को देखकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। जिसके चलते पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार यह घटना चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर स्वारघाट क्षेत्र के गांव मोड़ा के पास सामने आई। मौड़ा टोल प्लाजा से करीब आधा किलोमीटर आगे शुक्रवार सुबह राहगीरों ने सड़क के बीचों-बीच एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि मृतक के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। यह दृश्य देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस अभी इसे केवल शुरुआती संभावना मान रही है। यह भी जांच की जा रही है कि हादसा कैसे हुआ और मृतक नग्न अवस्था में सड़क पर कैसे पहुंचा। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया। राष्ट्रीय राजमार्ग की 1033 एंबुलेंस की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब भेजा गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन और मृतक की पहचान करने में जुटी है।
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी को मृतक के बारे में कोई जानकारी हो तो वह पुलिस को सूचित करें।
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन समय-समय पर यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से बचने की अपील करते रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही के कारण हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इस ताजा घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।