#खेल

May 3, 2026

धर्मशाला में होगा डबल धमाल: 'वोटिंग और बैटिंग' होगी एक ही दिन... अलर्ट मोड पर प्रशासन

धर्मशाला प्रशासन के लिए चुनौती बना सुपर संडे, कानून व्यवस्था बनाए रखना होगी चुनौती

शेयर करें:

Dharamshala IPL matches 2026

धर्मशाला। देवभूमि हिमाचल की खूबसूरत वादियों के बीच बसा धर्मशाला शहर आगामी 17 मई को एक ऐतिहासिक और चुनौतीपूर्ण दिन का गवाह बनने जा रहा है। एक तरफ जहां धर्मशाला नगर निगम चुनाव के लिए लोकतंत्र का उत्सव मनाया जाएगा और मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, वहीं दूसरी तरफ एचपीसीए (HPCA) स्टेडियम में आईपीएल (IPL) के सितारों की जंग और चौकों-छक्कों की बरसात होगी।

प्रशासन के लिए डबल चुनौती

दरअसल 17 मई को धर्मशाला में शोर की गूंज दोहरी होने वाली है। एक तरफ धर्मशाला नगर निगम के 17 वार्डों में मतदान का शोर अपने चरम पर होगा, वहीं देश भर से आए हजारों क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम में अपनी पसंदीदा टीमों का उत्साह बढ़ा रहे होंगे। एक ही दिन वोटिंग और उसी दिन आईपीएल मुकाबला होना जिला प्रशासन और पुलिस के लिए किसी टेढ़ी खीर से कम नहीं है। भारी भीड़ के बीच कानून व्यवस्था बनाए रखना और मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक सुगम रास्ता देना, सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी अग्निपरीक्षा साबित होने वाला है।

 

यह भी पढ़ें : सोया रहा विक्रमादित्य का विभाग, NH पर बारिश में ही बिछा दी कोलतार; लोगों ने मांगी जांच; देखें VIDEO

धर्मशाला में होंगे आईपीएल के तीन मुकाबले

बता दें कि मई महीने में धर्मशाला स्टेडियम में आईपीएल 2026 के तीन बड़े मुकाबले प्रस्तावित हैं। यह मुकाबले 11, 14 और 17 मई को होंगे।  इन मैचों में देशभर से हजारों क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है। लेकिन 17 मई को स्थिति और जटिल हो जाएगी, जब एक ओर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे होंगे और दूसरी ओर स्टेडियम में चौकों.छक्कों की गूंज सुनाई दे रही होगी।

 

11 और 14 मई के आईपीएल मुकाबले रात के समय में होंगे, लेकिन 17 मई को जिस दिन मतदान है उस दिन आईपीएल का मैच भी दोपहर के समय होने से प्रशासन के सामने स्थिति और भी जटिल हो गई है। 

 

ट्रैफिक और पार्किंग पर खास फोकस

उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कमर कस ली है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों को असुविधा से बचाना और चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को लेकर खास प्लान तैयार किया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: नर्स बनने आई बेटियां बनी 'मरीज' हॉस्टल में 'नर.कीय जीवन' का खुलासा; बंदर भगाने की ड्यूटी..

 

स्टेडियम के आसपास निजी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसके बदले शहर के अलग-अलग पार्किंग स्थलों से शटल बसों की सुविधा दी जाएगी] ताकि दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही डिजिटल स्क्रीन के जरिए पार्किंग की रियल टाइम जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

शहर में बढ़ेगी हलचल, प्रशासन अलर्ट

मैचों के दौरान धर्मशाला में पर्यटकों और क्रिकेट फैंस की भारी आमद तय मानी जा रही है। ऐसे में बिजली, पानी, सफाई और अन्य मूलभूत सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। नगर निगम को विशेष रूप से साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन पर ध्यान देने को कहा गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : चलती बस में ड्राइवर को पड़ा दिल का दौरा- बीच सड़क पलटी; चीखों से दहला इलाका

सुरक्षा के लिए मॉक ड्रिल 

17 मई को मतदान केंद्रों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की बाधा न हो। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तीन चरणों में मॉक ड्रिल आयोजित कर रहा है। पुलिस, आपदा प्रबंधन और अन्य एजेंसियों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के इस नर्सिंग संस्थान की 17 प्रशिक्षु नर्सें निकली टीबी संक्रमित; अभिभावकों ने किया हंगामा

क्रिकेट का उत्साह, लोकतंत्र का पर्व

धर्मशाला में एक ही दिन चुनाव और IPL मैच का आयोजन जहां शहर के लिए खास पल होगा, वहीं प्रशासन के लिए यह एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। एक ओर लोकतंत्र का पर्व, तो दूसरी ओर क्रिकेट का रोमांच—दोनों के बीच संतुलन बनाना ही असली चुनौती है। अब नजरें 17 मई पर टिकी हैं, जब धर्मशाला में एक साथ दो बड़े आयोजनों की गूंज सुनाई देगी—एक मतदान केंद्रों से और दूसरी स्टेडियम में लगने वाले चौकों-छक्कों से।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख