#धर्म

November 19, 2025

51 शक्तिपीठों में से एक है हिमाचल का ये मंदिर, जहां गिरा था देवी सती का बायां कान

विशेष मौके पर ही खुलता हैं मंदिर का मुख्य दरवाजा

शेयर करें:

Bhimakali Temple

शिमला। देवभूमि कहे जाने वाला हिमाचल प्रदेश यूं तो कई मंदिरों के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन इन्हीं पवित्र स्थानों में से एक है, शिमला जिले का भीमाकाली मंदिर। इस मंदिर में भक्तों का दिन-रात तांता लगा रहता है। कहते हैं कि इस स्थान पर कदम रखते ही मन अपने आप शांत होने लगता है। 

अनूठी वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध

आज हम आपको जिला के रामपुर उपमंडल के सराहन में स्थित मां भीमाकाली के प्रसिद्ध मंदिर के बारे में बताएंगे। शिमला से लगभग 180 किलोमीटर और रामपुर से 47 किलोमीटर की दूरी पर बसे सुंदर पहाड़ों के बीच यह मंदिर अपनी अनूठी वास्तुकला के कारण दूर से ही ध्यान खींच लेता है। 

यह भी पढ़ें: फर्जी नंबर और जाली कागज- हिमाचल में स्कूली बच्चों को ला रही थी बस, RTO ने पकड़ा

हजारों सालों का जीवंत रुप है यह मंदिर

लकड़ी और पत्थर से बनी पहाड़ी शैली में निर्मित यह स्थल देखने वालों को ऐसा अनुभव देता है जैसे समय ठहर गया हो। यह एक मंदिर नहीं, बल्कि हजारों साल पुरानी आस्था, परंपरा और इतिहास का जीवंत रुप है। 

यहां गिरा था देवी सती का बायां कान

मान्यता है कि जब भगवान शिव, सती के शरीर को लेकर आकाश में घूम रहे थे, तब भगवान विष्णु ने उनके दु:ख को शांत करने के लिए सुदर्शन चक्र चलाया था। उसी दौरान देवी सती का बायाँ कान सराहन में आ गिरा। इस कारण यह स्थान 51 शक्तिपीठों में एक माना जाता है और इसे अत्यंत पवित्र स्थल का दर्जा प्राप्त है।

यह भी पढ़ें: सुक्खू सरकार VS चुनाव आयोग : नई पंचायत गठन के आए 23 प्रस्ताव, SEC ने लगाई रोक

भक्त प्रह्लाद के वंशज करते थे शासन 

पुराणों में इस क्षेत्र का नाम शौणितपुर या शायनत नगरी बताया गया है। यह वही स्थान है जहाँ भगवान शिव ने ध्यान और साधना की थी। इतना ही नहीं, दानव राजा बाणासुर भी इसी क्षेत्र के शासक रहे थे, जो भक्त प्रह्लाद के वंशज थे।

विशेष मौकों पर ही खुलता है मुख्य मंदिर का दरवाजा

भीमाकाली मंदिर की सबसे खास बात इसकी संरचना है। यहाँ पुराना मंदिर केवल आरती और विशेष मौकों पर ही खोला जाता है। नया मंदिर वर्ष 1943 में बनवाया गया, जिसमें भक्त पूरे समय दर्शन कर सकते हैं। परिसर में भैरव और नरसिंह जी के भी मंदिर है। 

यह भी पढ़ें: 'आपदा के घाव हरे और कांग्रेस मना रही खुशियां'- CM सुक्खू से नाराज BJP, सदन में होगा घेराव

देश-विदेश से आते हैं श्रद्धालु

भीमाकाली न्‍यास के पुजारी पूर्ण शर्मा बताते हैं कि नवरात्र के समय सराहन में देश–विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुँचते हैं। प्रशासन मंदिर परिसर में सफाई, सुरक्षा, पेयजल, और लाइन व्यवस्था का पूरा ध्यान रखता है। गर्भगृह में श्रद्धालुओं को एक–एक समूह में भेजा जाता है ताकि भीड़ नियंत्रित रहे और सभी भक्त शांतिपूर्वक माता का दर्शन कर सकें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख