#राजनीति
October 5, 2025
विक्रमादित्य बोले: ऐतिहासिक होगा स्व वीरभद्र सिंह प्रतिमा का अनावरण समारोह, आएंगी सोनिया गांधी
13 अक्टूबर को रिज पर स्थापित प्रतिमा का होगा अनवारण कार्यक्रम
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति और विकास यात्रा में अमिट छाप छोड़ने वाले प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री एवं विकास पुरुष स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति अब शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सदा अमर रहेगी। 13 अक्टूबर को उनके सम्मान में स्थापित की गई भव्य प्रतिमा का अनावरण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम न केवल एक श्रद्धांजलि होगा बल्कि हिमाचल की आधुनिक पहचान के निर्माता रहे वीरभद्र सिंह को समर्पित एक ऐतिहासिक अवसर भी बनेगा।
कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह समारोह हर दृष्टि से यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की भावनाओं से जुड़ा एक श्रद्धासुमन है, जिसे राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के सहयोग से संपन्न किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 35 वर्षीय युवक शराब के नशे में दे रहा था गा*लियां, शख्स ने सांसें ही छीन लीं; किया गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की ऐतिहासिक रिज मैदान पर लगाई गई प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल होंगी। उनके आना लगभग तय माना जा रहा है। जिसको लेकर सोनिया गांधी के कार्यालय से प्रदेश कांग्रस मुख्यालय को भी सूचना दे दी गई है। हालांकि सोनिया गांधी का यह दौरा स्वास्थ्य कारणों पर निर्भर करेगा। राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश के लोगों की मांग और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए वीरभद्र सिंह की प्रतिमा रिज मैदान पर स्थापित कर दी गई हैए और अब इसका अनावरण कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समारोह में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला, रजनी पाटिल, सहित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मंत्रिमंडल के सभी सदस्य व विधायक शामिल रहेंगे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह समारोह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आयोजित किया जाएगा। हम विपक्ष के नेताओं को भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी, 6 जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ होगी ओलावृष्टि
बैठक में समारोह के आयोजन संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। तय किया गया कि यह कार्यक्रम 13 अक्तूबर की सुबह 11 बजे रिज मैदान पर आयोजित होगा। राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के उपाध्यक्ष एवं शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा ने सभी सदस्यों को निर्देश दिए कि वरिष्ठ नेताओं, आमंत्रित अतिथियों और जनता की सुविधाओं के लिए उचित बैठक व्यवस्था, मार्गदर्शन और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
यह भी पढ़ें : खेल जगत में अनुराग ठाकुर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, हिमाचल के युवा खिलाड़ियों में जगी नई उम्मीदें
प्रदेश के राजनीतिक इतिहास में वीरभद्र सिंह को हिमाचल का विकास पुरुष कहा जाता है। उनके नेतृत्व में प्रदेश ने ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की। रिज मैदान पर उनकी प्रतिमा का स्थापित होना न केवल उनके योगदान का प्रतीक है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।