#राजनीति
October 13, 2025
विक्रमादित्य ने सोनिया को बताया मातृतुल्य, कहा- बेटा होने के नाते वीरभद्र की विरासत को बढ़ाउंगा आगे
मुकेश अग्निहोत्री बोले हम वीरभद्र सिंह स्कूल ऑफ थॉट के छात्र
शेयर करें:
शिमला। आधुनिक हिमाचल के निर्माता और हिमाचल के छह बार के मुख्यमंत्री रहे स्व वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण आज ऐतिहासिक रिज मैदान पर हो गया है। बतौर मुख्यातिथि पहुंची कांग्रेस संसदीय दल अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान पूरा रिज मैदान राजा साहब अमर रहे के नारों से गूंज उठा। अनावरण समारोह में सोनिया गांधी के अलावा प्रियंका गांधी सहित हिमाचल और दिल्ली से आए कई नेता मौजूद रहे। अनावरण समारोह के बाद प्रियंका गांधी ने मंच से लोगों को संबोधित किया।
वीरभद्र की प्रतिमा अनावरण में बतौर मुख्यातिथि पहुंची कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपना संबोधन नहीं किया। सोनिया गांधी ने छह से सात सालों से किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखी, लेकिन इस सब के बावजूद उन्हांेने वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में आने को मंजूरी दी और वह कार्यक्रम में भी पहुंची।
स्व वीरभद्र सिंह के बेटे और हिमाचल कांग्रेस में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रिज मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सोनिया गांधी के पहुंचने पर आभार जताते हुए उनके प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्हें मातृतुल्य बताया और वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण में उनकी उपस्थिति के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का भी कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आभार प्रकट किया। विक्रमादित्य ने कहा कि यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि वीरभद्र सिंह द्वारा दिखाए गए सेवा और समर्पण के मार्ग पर आगे बढ़ें।
यह भी पढ़ें : प्रियंका गांधी बोली: वीरभद्र के दिखाए रास्ते पर चल रहे सीएम सुक्खू, बीजेपी कर रही गलत राजनीति
उन्होंने कहा कि आज का दिन अत्यंत भावनात्मक है, क्योंकि वीरभद्र सिंह सिर्फ एक नेता नहीं बल्कि हिमाचल की आत्मा थे। उन पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का विशेष स्नेह और आशीर्वाद हमेशा बना रहा। बेटा होने के नाते मैं उनकी सोच, उनके आदर्शों और जनता के प्रति उनके समर्पण को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हूं।
मंच से अपने संबोधन में हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सोनिया गांधी द्वारा प्रतिमा का अनावरण इस बात का प्रतीक है कि वीरभद्र सिंह न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए कितने सम्मानित और प्रेरणादायी व्यक्ति थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता इस क्षण का लंबे समय से इंतजार कर रही थी। इंदिरा गांधी ने हिमाचल को राज्य का दर्जा दिलाया और उनके साथ लोग हमेशा डॉ वाईएस परमार को भी याद करते हैं, जिन्होंने 18 वर्षों तक प्रदेश की बागडोर संभाली। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि डॉण् परमार के सपनों को साकार करने वाला व्यक्तित्व वीरभद्र सिंह थे, जिन्होंने आधुनिक हिमाचल की नींव रखी। उन्होंने नौ बार विधानसभा और पांच बार लोकसभा चुनाव जीतकर एक मिसाल कायम की और जीवन के अंतिम समय तक सक्रिय राजनीति में बने रहे। हम खुद को वीरभद्र सिंह स्कूल ऑफ थॉट का विद्यार्थी मानते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि वीरभद्र सिंह ऐसे नेता थे जिन्हें उनके जाने के बाद भी लोग पूरे सम्मान और प्रेम से याद करते हैं। यह अपने आप में बड़ी बात है कि आज उनके सम्मान में सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी जैसी हस्तियां शिमला पहुंचीं। मुकेश अग्निहोत्री ने याद किया कि जब वे वीरभद्र सिंह के साथ दौरों पर जाते थेए तो वे रात को सोने से पहले यह सुनिश्चित करते थे कि कहीं कोई व्यक्ति उनसे मिलने से वंचित तो नहीं रह गया। सुबह वे आठ बजे तक तैयार होकर लोगों से मिलने बैठ जाते थे। वे जनता के दुख.दर्द में सच्चे अर्थों में सहभागी थे कृ यही उन्हें जननायक बनाता है।
यह भी पढ़ें : आखिरकार हो गया 'राजा साहब' की मूर्ति का अनावरण, CM सुक्खू ने मंत्री विक्रमादित्य को लगाया गले
मंच से जहां प्रियंका गांधी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तारीफ की। वहीं केंद्र की मोदी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि वीरभद्र सिंह आज भले ही उनके बीच नहीं हैं। लेकिन उनका व्यक्त्वि और जनता से जुड़ाव आज भी जिंदा है। उन्होंने पुरानी बातों को याद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए वीरभद्र सिंह हमेशा सरल और मिलनसार बने रहे।
प्रियंका ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने लोगों को कभी यह एहसास नहीं होने दिया कि वे राजा हैं, बल्कि वे हमेशा जनता के अपने नेता की तरह पेश आए। प्रियंका गांधी ने कहा कि यही कांग्रेस की असली पहचान है, और सीएम सुक्खू उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। जैसे वीरभद्र सिंह जनता के बीच रहकर काम करते थे, वैसे ही सुक्खू भी जमीन से जुड़े नेता हैं जो सादगी और ईमानदारी से प्रदेश चला रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल में आपदा के दौरान राज्य सरकार को केंद्र से कोई मदद नहीं मिली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने कई बार सहायता की मांग की, लेकिन केंद्र ने अनदेखी की। प्रियंका ने कहा कि आज देश को ऐसे जनसेवक नेताओं की जरूरत है जो प्रचार और दिखावे से ऊपर उठकर वास्तव में जनता और देश के विकास के लिए काम करें। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की राजनीति चुनाव के लिए होती है। ये गलत ढंग की राजनीति है। उन्होंने महात्मा गांधी और वीरभद्र सिंह के दिखाए रास्ते पर चलने की अपील की।
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की यही विचारधारा देश की आत्मा है और आज इसी की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी निडर होकर सच्चाई बोलते हैं, तो वे इसी सोच का प्रतिनिधित्व करते हैं। आज भारत को ऐसी राजनीति की जरूरत है जो प्रचार या दिखावे से ऊपर उठकर राष्ट्र के विकास और जनता की भलाई के लिए पूरी निष्ठा से काम करे।