#राजनीति

October 11, 2025

स्व. वीरभद्र प्रतिमा अनावरण में शामिल होंगी सोनिया गांधी, भीड़ जुटाने को बैठकें कर रहे विक्रमादित्य

सोनिया, प्रियंका सहित कई दिल्ली के कई नेता होंगे शामिल

शेयर करें:

virbhadra statue sonia gandhi

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। हिमाचल के विकास पुरुष और छह बार के सीएम रहे स्व राजा वीरभद्र सिंह की स्मृति में शिमला के रिज मैदान पर स्थापित की गई प्रतिमा का अनावरण 13 अक्टूबर को किया जाएगा। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ नेत्री सोनिया गांधी का शिमला आना अब लगभग तय हो गया है। उनके साथ कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगी।

एक दिन पहले शिमला पहुंच जाएंगी सोनिया गांधी

सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी रविवार दोपहर शिमला पहुंचेंगी और छराबड़ा स्थित प्रियंका के आवास में रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन यानी सोमवार को वे सीधे रिज मैदान पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगी। कांग्रेस के लिए यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं होगा, बल्कि इसे राजनीतिक तौर पर भी अहम माना जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल BJP में CM पद पर मचा घमासान: नेताओं के बाद अब पदाधिकारियों-समर्थकों में छिड़ी जं*ग

कांग्रेस दिखाएगी राजनीतिक ताकत

इस कार्यक्रम में कांग्रेस अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी। पंचायत चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के लिए इस मंच को रणनीतिक रूप से तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला, कैबिनेट मंत्री, विधायक और दिल्ली से आए कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अस्वस्थता के कारण शिरकत नहीं कर पाएंगे।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू की पत्नी MLA कमलेश की बढ़ेंगी मुश्किलें, देहरा उपचुनाव में पैसा बांटने पर दायर की याचिका

विक्रमादित्य ने संभाली कमान

वीरभद्र सिंह के बेटे और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कार्यक्रम की तैयारियों की कमान अपने हाथ में ले ली है। उन्होंने शिमला, ठियोग सहित कई जगह जाकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं और भीड़ जुटाने की रणनीति बनाई। इसके साथ ही आमंत्रण पत्र भेजे जा चुके हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की जा रही है।

सीएम सुक्खू ने लिया तैयारियों का जायजा

राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी रिज का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और विधायक हरीश जनारथा भी मौजूद रहे। तैयारियों का जायजा लेने के बाद सीएम ने जिला प्रशासन के साथ पुलिस को सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश जारी किए। सीएम सुक्खू ने कहा कि  वीरभद्र सिंह प्रदेश और पार्टी के सम्मानित नेता थे। उनकी प्रतिमा के अनावरण के लिए सरकार राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिसमें कांग्रेस के बड़े नेता भी शामिल होंगे।

 

यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू से रजनी पाटिल ने बंद कमरे में की चर्चा, संगठन में बड़े बदलाव के संकेत

रिज मैदान पर लगेगी प्रदर्शनी

शिमला के रिज मैदान के दौलत सिंह पार्क में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित की गई है। कार्यक्रम के दौरान उनके राजनीतिक जीवन को दर्शाने वाली विशेष फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें वीरभद्र सिंह के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहते कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।

राजनीतिक दृष्टि से अहम कार्यक्रम

यह कार्यक्रम न केवल वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने का प्रतीक होगा, बल्कि राजनीतिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस इस आयोजन के माध्यम से एकजुटता और शक्ति प्रदर्शन का संदेश देना चाहती है। सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा की उपस्थिति इसे राष्ट्रीय स्तर पर भी विशेष महत्व दिला रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख