#राजनीति
February 15, 2025
रजनी पाटिल के कंधों पर हिमाचल कांग्रेस का भार- समाने चुनौतियों का पहाड़
14 राज्यों के इंचार्ज बदले गए- रजनी पाटिल को दो राज्य की कमान
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल कांग्रेस को नया प्रभारी मिल चुका है। बता दें कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने रजनी पाटिल के हाथों में हिमाचल कांग्रेस की कमान दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने देर रात इस फैसले का आदेश जारी किया। रजनी पाटिल अब राजीव शुक्ला की जगह हिमाचल कांग्रेस का नेतृत्व करेंगी।
राजीव शुक्ला पिछले चार सालों से हिमाचल कांग्रेस के प्रभारी थे और अब रजनी पाटिल उनकी जगह यह अहम जिम्मेदारी निभाएंगी। रजनी पाटिल मूल रूप से महाराष्ट्र की रहने वाली हैं और वह राज्यसभा की सदस्य हैं।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू स्वस्थ: आज होगी कैबिनेट बैठक, बजट सत्र की तारीख होगी तय
बताते चलें कि रजनी पाटिल का हिमाचल कांग्रेस से पुराना संबंध है। उन्हें पहली बार 22 मई 2018 में हिमाचल कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया था। हालांकि, सितंबर 2020 में उन्हें हटाकर राजीव शुक्ला को यह जिम्मेदारी दी गई थी। अब, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस हाईकमान ने दूसरी बार रजनी पाटिल को हिमाचल कांग्रेस का प्रभारी बनाने का फैसला किया है।
हिमाचल कांग्रेस में पिछले तीन महीनों से संगठन भंग है और ऐसे में रजनी पाटिल को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब उनके नेतृत्व में राज्य में नए संगठन की स्थापना की जाएगी, जो आगामी चुनावों के लिए कांग्रेस की ताकत को मजबूत करेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में येलो अलर्ट जारी: इस दिन होगी बारिश-बर्फबारी, माइनस में पहुंचा पारा
रजनी पाटिल का जन्म 5 दिसंबर 1958 को हुआ था। वह महाराष्ट्र से राज्यसभा की सदस्य हैं और 2013 में उन्हें राज्यसभा के लिए चुना गया था, जब महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख का निधन हुआ। रजनी पाटिल ने 1996 में भाजपा के टिकट पर बीड लोकसभा से चुनाव जीता था, लेकिन बाद में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जुड़ गईं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पहुंची हरियाणा पुलिस, SDM की मौजूदगी में खोदी जमीन; जानें क्यों और क्या मिला
हिमाचल के अलावा, कांग्रेस ने 14 राज्यों में नए प्रभारी और दो महासचिव नियुक्त किए हैं। रजनी पाटिल को हिमाचल प्रदेश के साथ छत्तीसगढ़ का भी प्रभारी बनाया गया है। उनके अलावा, बीके हरिप्रसाद को हरियाणा, अजय कुमार लालू को उड़ीसा, के राजू को झारखंड, मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना, हरीश चौधरी को मध्य प्रदेश, गिरीश चोधंकर को तमिलनाडु और पुड्डुचैरी, सप्तागिरी संकर उल्का को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नगालैंड तथा कृष्णा अल्वरु को बिहार का प्रभारी नियुक्त किया गया है। ऐसे में रजनी पाटिल को दो राज्यों का जिम्मा मिलने से उनके राजनीतिक प्रभाव का दायरा और बढ़ जाएगा।