#राजनीति

August 9, 2025

प्रतिभा सिंह बोली: मैंने मुख्यमंत्री से किया था आग्रह... जानें किस बात पर जताई नाराजगी

मुख्यालय में आम लोगों की समस्याएं सुनने के लिए मंत्रियों की लगाई जाए ड्यूटी

शेयर करें:

pratibha singh congress

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से ही संगठन और सरकार के बीच आपसी समन्वय की कमी अकसर जगजाहिर होती रही। अब एक बार फिर कुछ ऐसा ही हुआ है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने एक बार फिर प्रदेश सरकार के मंत्रियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई है।

 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि मंत्री मुख्यालय में आकर जनता की समस्याएं क्यों नहीं सुनते यह तो मुख्यमंत्री ही बता सकते हैं। मैंने कई बार इसके लिए सीएम से आग्रह किया था कि कम से कम महीने में एक दिन मंत्री मुख्यालय में बैठें और आम जनता के साथ साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनें।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में यहां दरका पहाड़, मलबे में दफन हो गया पेट्रोल पंप; ड्यूटी पर थे कई कर्मचारी

मुख्यालय नहीं आते मंत्री

शिमला में प्रतिभा सिंह ने कहा कि मंत्रियों को नियमित रूप से कांग्रेस मुख्यालय में बैठना चाहिए ताकि वे जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुन सकें। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से हाथ जोड़कर निवेदन किया था कि कम से कम महीने में एक बार मंत्री कांग्रेस भवन में आकर लोगों की समस्याओं को सुनें और समाधान की दिशा में कदम उठाएं।

 

उन्होंने कहा कि हर कोई सचिवालय नहीं आ सकता। कई बार लोगों को पास बनाने, लंबी लाइनें लगने या अन्य प्रशासनिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कांग्रेस मुख्यालय में मंत्रियों की मौजूदगी से आम जनता को राहत मिल सकती है। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी इससे काफी सुविधा मिलेगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: रात के अंधेरे में नशा सप्लाई करने निकले थे दो युवक, बड़ी खेप के साथ धरे

कार्यकर्ताओं में बढ़ रही है नाराजगी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि लगातार आग्रह के बावजूद मंत्रियों के कांग्रेस भवन न आने से पार्टी कार्यकर्ताओं में निराशा फैल रही है। उन्होंने कहा कि संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है, और यह तभी संभव है जब मंत्री खुद मैदान में उतरकर समस्याएं सुनें और समाधान करें।

दिल्ली में हाईकमान के साथ हुई अहम बैठक

प्रतिभा सिंह ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी भी मौजूद थे। बैठक में हिमाचल प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और पार्टी में नई ऊर्जा भरने के लिए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में यहां दरका पहाड़, मलबे में दफन हो गया पेट्रोल पंप; ड्यूटी पर थे कई कर्मचारी

 

उन्होंने कहा कि हाईकमान ने जल्द प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी के गठन की बात कही है। कार्यकारिणी के गठन में हो रही देरी को लेकर उन्होंने चिंता व्यक्त की और कहा कि इससे जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नई कार्यकारिणी में युवा और अनुभवी दोनों वर्गों को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

कर्मठ कार्यकर्ताओं को मिलनी चाहिए जिम्मेदारी

प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री से यह भी मांग की है कि संगठन में लंबे समय से काम कर रहे निष्ठावान और कर्मठ कार्यकर्ताओं को सरकार में निगमों और बोर्डों में सम्मानजनक जिम्मेदारी दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन का संतुलन ही पार्टी की मजबूती का आधार होता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में हीलियम गैस से सुसा*इड का पहला केस, बैंकर ने नोट में पत्नी-पिता के खोले कई राज

कांग्रेस एक परिवार, गुटबाजी नहीं

अपने संबोधन के अंत में प्रतिभा सिंह ने पार्टी में गुटबाजी के आरोपों को नकारते हुए कहा कि कांग्रेस एक परिवार है, जहां विचारों का आदान.प्रदान होता है, लेकिन अंततः निर्णय हाईकमान का होता है और वह सभी को स्वीकार होता है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की मजबूती के लिए लगातार काम कर रही हैं और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आदर्शों और सीख को आगे बढ़ा रही हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख