#राजनीति

March 28, 2025

प्रतिभा रहेंगी हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष : हाईकमान का फैसला, जानें क्या होगा दो दिन में.?

हिमाचल में जल्द बनेगा कांग्रेस का नया संगठन, हाईकमान लेगा अंतिम फैसला

शेयर करें:

himachal news

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नए संगठन के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अगले दो से तीन दिनों में इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को फिलहाल बदले जाने की संभावना नहीं है, और पार्टी उन्हीं के नेतृत्व में आगे बढ़ेगी। हालांकि, पार्टी एक बार फिर कार्यकारी अध्यक्ष (वर्किंग प्रेसिडेंट) के फॉर्मूले को अपनाने पर विचार कर रही है ताकि संगठनात्मक संतुलन बनाए रखा जा सके।

औपचारिक ऐलान बाकी

कांग्रेस हाईकमान ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC), जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (BCC) के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब केवल औपचारिक ऐलान बाकी है। हालांकि, जिला अध्यक्षों को लेकर अभी भी कुछ मतभेद बने हुए हैं, जिसके चलते घोषणा में देरी हो रही है।

जिलों की संख्या को लेकर मतभेद

प्रदेश कांग्रेस के कुछ नेताओं ने संगठनात्मक जिलों की संख्या को 13 से बढ़ाकर 17 करने का सुझाव दिया है। उनका मानना है कि इससे पार्टी के अधिक नेताओं को संगठन में समायोजित किया जा सकेगा और आगामी चुनावों के लिए मजबूत रणनीति तैयार की जा सकेगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल बजट सत्र का आज आखिरी दिन- जानें सदन में क्या-क्या हुए बड़े ऐलान

 

हालांकि, इस प्रस्ताव का विरोध भी हो रहा है। कई वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि भाजपा के 17 संगठनात्मक जिलों की नकल करना कांग्रेस के लिए उचित नहीं होगा। यही कारण है कि अब तक दो जिलों के अध्यक्ष तय नहीं हो सके हैं, जबकि शेष कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है।

निष्क्रिय नेताओं को नहीं मिलेगी जगह

कांग्रेस इस बार अपनी कार्यकारिणी में निष्क्रिय नेताओं को शामिल नहीं करने का निर्णय ले रही है। पार्टी का मानना है कि केवल सक्रिय और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेताओं को संगठन में शामिल किया जाए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंजाब से आ रही चिट्टे की सप्लाई! CM सुक्खू ने बताया पाकिस्तान कनेक्शन

 

इसके अलावा, 'वन मैन, वन पोस्ट' के सिद्धांत को लागू किया जाएगा, यानी जो नेता सरकार में किसी पद पर हैं, उन्हें संगठन में कोई भूमिका नहीं दी जाएगी।

हाईकमान करेगा संगठन का गठन

इस बार कांग्रेस ने संगठन बनाने की प्रक्रिया में बदलाव किया है। पहले राज्य अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद नीचे की टीम गठित की जाती थी, लेकिन इस बार पार्टी हाईकमान खुद पूरी टीम का गठन कर रहा है। नवंबर और दिसंबर 2024 में हिमाचल भेजे गए ऑब्जर्वर की रिपोर्ट के आधार पर ही नए संगठन को तैयार किया जा रहा है।

147 दिन से कार्यकर्ताओं में मायूसी

गौरतलब है कि 6 नवंबर 2024 को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हिमाचल कांग्रेस की पूरी कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। इसके बाद से प्रदेश कांग्रेस संगठन पूरी तरह निष्क्रिय हो गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के सभी 68 MLA की मौज ! आर्थिक संकट के बीच विदेश भ्रमण पर भेजेगी सुक्खू सरकार

 

नतीजतन, सरकार को समर्थन देने और बचाव करने के लिए कोई मजबूत संगठनात्मक ढांचा नहीं बचा है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भी असमंजस और निराशा का माहौल है।

कितनी प्रभावी होगी रणनीति

नया संगठन इस साल के अंत में प्रस्तावित पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों के साथ-साथ 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है।

कांग्रेस का प्रयास रहेगा कि मजबूत नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के जरिए पार्टी को राज्य में और अधिक मजबूत किया जाए। अब देखना यह होगा कि नए संगठन के गठन के बाद कांग्रेस की रणनीति कितनी प्रभावी साबित होती है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख