#राजनीति
May 3, 2025
हिमाचल कांग्रेस की कार्यकारिणी के ऐलान का बढ़ा दबाव, प्रतिभा-विक्रमादित्य ने रखी यह मांग
कुलदीप राठौड़ बोले: पार्टी की कमान नहीं संभालूंगा
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के ऐलान का दबाव आलाकमान पर बढ़ता जा रहा है। राज्य कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह ने शुक्रवार को CWC मीटिंग से इतर, जहां पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर नए संगठन का जल्द ऐलान करने की मांग की, तो वहीं उनके बेटे और PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल से मिलकर यही मांग कर दी। माना जा रहा है कि CM सुखविंदर सिंह सुक्खू भी शनिवार को पार्टी आलाकमान के सामने यही मांग रख सकते हैं।
पिछले 3 दिन से दिल्ली में बैठे विक्रमादित्य सिंह ने भी शुक्रवार को केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी। इस बीच, हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री भी दिल्ली पहुंचे हुए हैं। कांग्रेस पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, CM सुक्खू और मुकेश दोनों की मुलाकात कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से हो सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की संजौली मस्जिद पूरी की पूरी ही अवैध , सभी पांच मंजिलों को गिराने के दिए आदेश
हालांकि, हिमाचल कांग्रेस के सामने मसला केवल नए संगठन के ऐलान को लेकर ही नहीं है, जो बीते 6 महीने से निष्क्रिय पड़ा हुआ है। दो और मसले आलाकमान के सामने विचाराधीन हैं। पहला है कि हिमाचल में पार्टी की कमान कौन संभालेगा। प्रतिभा सिंह का कार्यकाल खत्म हो चुका है। आलाकमान को यह फैसला लेना है कि उन्हें आगे भी बरकरार रखा जाए या नहीं।
दूसरा मसला सुक्खू कैबिनेट के विस्तार का है। सुक्खू कैबिनेट में एक पोस्ट अभी खाली है। इस पर होलीलॉज और सुक्खू गुट दोनों अपने समर्थकों को लाना चाहते हैं और इस कश्मकश के कारण ही आलाकमान को फैसला लेने में देरी हो रही है। इस बीच, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और विधायक कुलदीप राठौर ने शनिवार को साफ कर दिया कि वे राज्य में कांग्रेस पार्टी की कमान संभालने के इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एक बार अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने पार्टी को सत्ता तक पहुंचाया है। लेकिन अभी की परिस्थिति अलग है। कुलदीप राठौर का नाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में सबसे पहले था। उनके साथ आशा कुमारी, संजय अवस्थी और सुरेश कुमार के नाम भी चर्चा में हैं।
आपको बता दें कि सुक्खू समर्थक प्रतिभा सिंह का कार्यकाल बढ़ाने के विरोध में हैं, जबकि होलीलॉज खेमा उन्हें एक्सटेंशन देने के पक्ष में हैं। गुरुवार को बिलासपुर में पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन में जहां कांग्रेस के एक गुट ने प्रतिभा सिंह से इस्तीफा मांगा तो दूसरे गुट ने CM सुक्खू से इस्तीफा देने की मांग की थी।
सुक्खू सरकार के फैसलों ने भी हिमाचल प्रदेश की सियासत में विपक्षी दल भाजपा को हमले के लगातार मुद्दे दिए हैं। ताजा मामला चूड़धार यात्रा में खच्चरों-घोड़ों की सवारी पर श्रद्धालुओं से पर्यावरण सेस वसूलने का है। भाजपा ने इस मुद्दे पर सुक्खू सरकार को औरंगजेब जैसा बताते हुए बड़ा हमला किया है। शनिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौड़ ने हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम के शिमला कार्यालय को धर्मशाला शिफ्ट करने के सरकार के प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि वे इस मसले पर CM और पर्यटन निगम के अध्यक्ष से बात करेंगे।