#राजनीति
July 18, 2025
नेता प्रतिपक्ष का फूंका पुतला, थाने पहुंचा मामला- मंत्री जगत नेगी के बेटे समेत 8 पर FIR
मामले ने पकड़ा तूल- रिकांगपिओ थाना में शिकायत दर्ज
शेयर करें:
रिकांगिपओ। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में राजनीति का पारा चढ़ता जा रहा है। बीते दिनों नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के खिलाफ पुतला जलाने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में प्रदेश के बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के बेटे विक्रम सिंह नेगी सहित आठ लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
मामला भाजपा की शिकायत पर रिकांगपिओ थाना में दर्ज हुआ है। भाजपा किन्नौर के जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह नेगी ने इस घटना को लेकर कड़ी आपत्ति जताई और इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 173 (शांति भंग करना), 189(2) (लोकसेवक को डराने-धमकाने की कोशिश) और 292 (अपमानजनक कृत्य) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में जिन आठ लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें शामिल हैं-
मामले की पृष्ठभूमि में तीन दिन पहले रिकांगपिओ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया एक विरोध प्रदर्शन है। यह प्रदर्शन जगत सिंह नेगी के खिलाफ जयराम ठाकुर द्वारा दिए गए बयान के विरोध में किया गया था। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जयराम ठाकुर का प्रतीकात्मक पुतला फूंका, जिससे भाजपा खेमे में गहरा रोष फैल गया।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कार्रवाई है। यशवंत नेगी ने प्रेस को बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा इस प्रकार का उग्र प्रदर्शन हिमाचल की मर्यादित राजनीति के विरुद्ध है। यह न केवल विपक्ष के एक वरिष्ठ नेता की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि प्रदेश की राजनीतिक संस्कृति को भी कलंकित करता है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को कानून के तहत सख्त सजा दी जाए।
हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, पार्टी के भीतर इसे लेकर मंथन शुरू हो गया है। मंत्री जगत सिंह नेगी पर विपक्ष की नजरें टिकी हुई हैं, और उनके बेटे का नाम सामने आने से सियासी मोर्चे पर दबाव बढ़ा है।