#राजनीति
August 11, 2025
प्रतिभा सिंह बोलीं- मंडी में कांग्रेस की हार हैरानी भरी, वोट चोरी और गड़बड़ी की आंशका
राहुल गांधी के आरोप सही, चुनाव आयोग गैर-जिम्मेदार - प्रतिभा सिंह का बड़ा बयान
शेयर करें:
शिमला। EVM और वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ का मुद्दा अब दिल्ली में ही नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश तक पहुंच चुका है। राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों को बाद अब प्रतिभा सिंह ने भी वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ को लेकर बढ़ा बयान दिया है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल में पहले इतने बड़े अंतर से जीत देखने को नहीं मिलती थी, लेकिन इस बार BJP उम्मीदवार 4-5 लाख वोटों से जीते। उन्होंने दावा किया कि EVM और वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ के चलते ही इतना अधिक अंतर आया है।
उन्होंने खास तौर पर मंडी लोकसभा सीट का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के गढ़ में BJP की एक अनुभवहीन और नई उम्मीदवार की जीत हैरान करने वाली है। उन्होंने इसे बिहार और हरियाणा जैसे राज्यों में संभावित चुनावी परिदृश्य से जोड़ा और कहा कि BJP जहां चाहे जीत सकती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जांच में सामने आया है कि एक मंजिला मकान में 10,000 वोटर दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों से साफ है कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है और विपक्ष को सतर्क रहना होगा।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के आरोपों के बाद चुनाव आयोग को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए थी, लेकिन आयोग अपने उत्तरदायित्व से बच रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने और जनमत चोरी को रोकने के लिए सभी दलों और नागरिकों को एकजुट होकर काम करना होगा।
वहीं प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह भी कहा कि सरकार में किसे दायित्व देना है,यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है लेकिन उन्होंने सरकार बनने के पहले दिन से ही पार्टी के प्रति समर्पित नेताओं और कार्यकर्ताओं को इसमें शामिल करने की मांग की है।