#राजनीति
October 9, 2025
मंत्री पद छोड़ने के लिए तैयार हुए रोहित ठाकुर: बयान से हलचल तेज, बनेंगे अध्यक्ष !
कई महीनों से कांग्रेस नहीं कर पाई है संगठन का गठन
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश का कांग्रेस संगठन जहां अपने अध्यक्ष का फैसला नहीं ले पा रहा। वहीं आए दिन इसे लेकर नई-नई तरह की अटकलें लगती रहती हैं जिससे ये मुद्दा चर्चा का विषय बना रहता है। हाल ही में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के एक बयान ने भी प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।
प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही खींचतान के बीच शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने एक बड़ा बयान दिया है। ठाकुर ने कहा कि यदि पार्टी की ओर से उन्हें अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलती है तो वे मंत्री पद छोड़ने को तैयार हैं।
ठाकुर ने ये भी साफ कर दिया कि वो मंत्री पद से संतुष्ट हैं लेकिन अगर संगठन विश्वास जताता है तो बिना किसी हिचकिचाहट के वे पद छोड़ देंगे। ठाकुर के इस बयान ने प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।
गौरतलब है कि बीते कई महीनों से कांग्रेस संगठन का गठन नहीं हो पाया है। प्रतिभा सिंह को उनका कार्यकाल खत्म होने के बाद प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा गया था। फिलहाल वही अध्यक्ष हैं लेकिन इसमें बदलाव होना है।
7 अक्टूबर को CM सुक्खू ने शिमला में कहा था कि इसी महीने के आखिर में कांग्रेस कार्यकारिणी व संगठन का गठन होगा। CM ने ये बयान दिल्ली लौटने के बाद दिया था। अब ऐसा होता है या नहीं, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
बता दें कि अध्यक्ष पद के लिए विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, कैबिनेट मंत्री रोहित ठाकुर व विधायक विनोद सुल्तानपुरी के नाम रेस में आगे चल रहे हैं। हालांकि, अध्यक्ष पद के लिए जातीय समीकरण के मुताबिक विनय कुमार सबसे प्रबल दावेदार हैं लेकिन रोहित ठाकुर के नाम पर चर्चाएं ज्यादा हो रही हैं।