#राजनीति
December 12, 2025
नीरज भारती की BJP नेताओं को खुली चेतावनी, बोले- CM सुक्खू के गलत निर्णयों से चुप हूं वरना....
भारती ने निशाना तो बीजेपी नेताओं पर साधा, पर तीर अपनी ही सरकार पर चलाए
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल की सियासत में इन दिनों कांग्रेस नेताओं के तेवर अपनी ही सरकार के खिलाफ तीखे होते जा रहे हैं। पहले पूर्व कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा ने भाजपा के साथ-साथ अपने ही दल के एक मंत्री पर निशाना साधा था, और अब सुक्खू कैबिनेट में मंत्री चंद्र कुमार के बेटे तथा पूर्व विधायक नीरज भारती ने सरकार के कुछ फैसलों को आधार बनाकर भाजपा नेताओं को खुली चेतावनी दे डाली है। कांग्रेस के भीतर से उठ रही ये आग अब राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर रही है।
यह पहली बार नहीं है जब नीरज भारती ने सोशल मीडिया पर तीखी पोस्ट डाली है। इससे पहले भी वह सरकार के खिलाफ सख्त टिप्पणी कर चुके हैं और अपने पिता मंत्री चंद्र कुमार के इस्तीफ तक की बात कह चुके हैं। अब जवाली के इस पूर्व कांग्रेस विधायक की एक ओर सोशल मीडिया पर डाली तीखी पोस्ट ने प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। उन्होंने अपनी पोस्ट से एक तरफ जहां सीएम सुक्खू के कुछ निर्णयों को फिजूल के बताया है, वहीं अपने क्षेत्र के भाजपा नेताओं को भी सख्त चेतावनी दे डाली है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू बोले- बिना तथ्यों के बस झूठ बोलते हैं जयराम, अब प्रतिक्रिया देने का भी नहीं करता मन
नीरज भारती ने अपनी पोस्ट में ज्वाली और विशेष रूप से नगरोटा सूरियां क्षेत्र के भाजपा नेताओं को चेतावनी देते हुए लिखा है कि "भाजपा नेताओं को शुक्र मनाना चाहिए क्योंकि सरकार और मंत्री चंद्र कुमार द्वारा लिए गए कुछ ग़लत निर्णयों के कारण वे अभी चुप हैं। भारती ने सीधे शब्दों में लिखा कि यदि वे खुलकर बोलने लगें, तो भाजपा नेताओं की ऐसी बखिया उधेड़ेंगे कि मुंह छिपाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मजबूर हूं इसलिए मौन हूं, कमजोर नहीं। ठोकने पर आया तो ऐसी मंजी ठोकूंगा कि घर की मंजी भी दूर लगेगी।
भारती की इस पोस्ट ने प्रदेश की राजनीति में नया हंगामा खड़ा कर दिया है, क्योंकि उनका निशाना दिखने में भले भाजपा पर था, पर तीर अपने ही सरकार के फैसलों पर भी चलते दिखे। उन्होंने यह भी साफ किया कि कुछ फिजूल के निर्णयों के कारण ही वह फिलहाल चुप हैं। यह संकेत सीधे तौर पर सुक्खू सरकार के कामकाज पर सवाल खड़ा करता है।
भारती ने बीते रोज ही मंडी में कांग्रेस की रैली में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री द्वारा अफसरशाही पर लगाए गए आरोपों का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार के ऊपर अफसर चढ़कर नाच रहे हैं वाली बात बिल्कुल सही है। इससे यह संकेत और स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस के अंदर असंतोष गहराता जा रहा है।
यह भी पढ़ें : RTO ने भरा हिमाचल सरकार का खजाना- नियम तोड़ने पर काटे 3 करोड़ के चालान, जानें
नीरज भारती कोई पहली बार ऐसा नहीं कर रहे। पहले भी वह वीरभद्र सरकार के दौरान कई बार खुले मंच पर अपनी ही सरकार की नीतियों से असहमति जता चुके हैं। इतना ही नहीं, हाल ही में उन्होंने यह दावा करके हलचल मचा दी थी कि उनके पिता कैबिनेट मंत्री चंद्र कुमार ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, हालांकि बाद में यह दावा खारिज कर दिया गया।
https://www.facebook.com/share/v/1DH6v7Sd1r/
बता दें कि पिछले दिनों सतपाल रायजादा और अब नीरज भारती के बयानों ने साफ कर दिया है कि प्रदेश कांग्रेस एक बार फिर आंतरिक टकराव के दौर में प्रवेश कर चुकी है। भाजपा इन परिस्थितियों को अपने लिए राजनीतिक अवसर के रूप में देख रही है, जबकि कांग्रेस नेतृत्व फिलहाल इस असहज स्थिति पर चुप्पी बनाए हुए है। कुल मिलाकर नीरज भारती की ताज़ा पोस्ट ने यह साफ कर दिया है कि हिमाचल की राजनीति में “निशाने” और “नज़रें” दोनों इस समय अलग-अलग दिशाओं में काम कर रहे हैं, और इससे आने वाले दिनों में सियासी तापमान और चढ़ने वाला है।
