#राजनीति
December 4, 2025
संजौली मामले पर भड़के अनुराग: CM से बोले- गद्दी छोड़ देते, फेविकोल की तरह क्यों चिपके हैं?
अनुराग बोले: तीन साल में सरकार ने जनता का सत्यानाश किया
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित जोरावर स्टेडियम में आज राजनीति की गरमाहट देखने को मिली है। प्रदेश में सुक्खू सरकार के तीन साल के खिलाफ BJP की बड़ी रैली ने पूरे शहर को सियासी रंग में रंग दिया। मंच पर लगे नारों, मैदान में जुटी भीड़ और पूरे शहर में की गई सुरक्षा के बीच माहौल तनावपूर्ण होता रहा। इसी माहौल में मंच पर चढ़े सांसद अनुराग ठाकुर ने सरकार पर हमला बोलते ही सभा को और उबाल दे दिया। सरकार को घेरने के साथ ही 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव का एजेंडा भी सेट कर लिया।
धर्मशाला में BJP रैली में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। अनुराग ठाकुर ने CM सुक्खू पर तंज कसते हुए कहा कि सुक्खू सरकार ने प्रदेश में हिंदू विरोधी कार्यों को गति ही है, जो उनकी हिंदू विरोधी सोच को दर्शाता है।
अनुराग ठाकुर ने हमला करते हुए कहा कि CM खुद कहते हैं कि उन्होंने 97 प्रतिशत हिंदुओं को हराकर जीत हासिल की है। सांसद अनुराग ठाकुर यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि संजौली मस्जिद मामले में भी सरकार द्वारा लगातार संरक्षण दिया जा रहा है। कांग्रेस सरकार ने पिछले 3 सालों में सनातन विरोधी काम ही किए हैं।
सांसद ने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि ये सरकार खाओ पिओ और मोज करो वाली सरकार है। प्रदेश को ऋण के बोझ में झोंक कर मित्रों की मौज करवाई जा रही है। अनुराग ने गारंटियों पर वार करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता से सुक्खू सरकार को माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि सरकार द्वारा एक भी गारंटी पूरी नहीं की गई है।
उधर, सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस की महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी को लेकर कहा कि उन्होंने हिमाचल की जनता से कई वादे किए थे, मगर वे उन्हें पूरा नहीं कर पाई। दूध के नाम पर प्रदेश को दू दिया गया है और गोबर में लिया गया है। अनुराग ठाकुर ने प्रदेश में बढ़ रहे साइबर क्राइम और नशे के मामलों पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया है।
वहीं, अनुराग ठाकुर ने सुक्खू सरकार द्वारा दिए गए व्यवस्था परिवर्तन के नारे को गलत बताते हुए उसे व्यवस्था पतन का नाम दिया। सांसद का मानना है कि सुक्खू सरकार के सत्ता में आने के बाद से प्रदेश में कोई सुधार नहीं हुए हैं, बल्कि स्थिति और खराब हुई है। वहीं, मैदान राधे-राधे और जय श्री राम के नारों से गूंज उठा।
अनुराग ठाकुर ने मंच पर से पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की सरकार के समय केंद्र से सहयोग से प्रदेश के लिए कई योजनाएं आईं और केंद्र सरकार के सहयोग से कई विकास कार्य भी हुए। यहां तक की वीरभद्र सरकार के समय ही मोदी सरकार ने हिमाचल को विशेष राज्य का दर्जा गिया था । मगर पिछले 3 साल में इस सरकार ने कुछ नहीं किया। बल्कि योजनाओं का दुरुपयोग कर जनता का सत्यानाश किया है।
वहीं, भीड़ की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि रैली में “मुंड और सड़कों पर झुंड” उमड़ आए हैं, जो हिमाचल के बदलते जनमत को दिखाता है। उन्होंने कहा कि यह भीड़ बता रही है कि आज से कांग्रेस के पांव उखड़ने शुरू हो गए हैं। अनुराग ने सरकार पर शासन क्षमता को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार चल नहीं रही, तो गद्दी छोड़ क्यों नहीं देते? फेविकोल की तरह क्यों चिपके हुए हैं? उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि बिहार में एक सौफे पर पूरी पार्टी आ गई थी।
अनुराग ने बताया कि केंद्र सरकार ने रेलवे के लिए हजारों करोड़ रुपये जारी किए, लेकिन सुक्खू सरकार अपने हिस्से के 1,400 करोड़ भी नहीं दे पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विकास रोकने की नीति है।