#राजनीति
November 15, 2025
CM सुक्खू का वार- BJP छोड़ गई 75 हजार करोड़ का कर्ज, हमने बंद किए भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे
नेरचौक मेडिकल कॉलेज विवाद, कर्ज और कैडर रिफॉर्म पर दिया बड़ा बयान
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासितक रिज मैदान शिमला में आयोजित सरकारी कार्यक्रम के बाद CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा पर सीधा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में CM सुक्खू ने कहा कि BJP नैतिकता की बात न करे। सोलन और चंबा में क्या हो रहा है, सबके सामने है। नैतिकता की बात वही करें जिनमें नैतिकता बची हो।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के तीन साल के कार्यक्रम पर सवाल उठा रही है, जबकि यह पूरी तरह सरकारी कार्यक्रम है जिसमें सरकार अपने काम जनता के सामने रखती है। BJP को इसे लेकर सवाल उठाने का कोई हक नहीं है। वहीं BJP पर तंज कसने के साथ ही उन्होंने नेरचौक कॉलेज के मुद्दे पर भी खुलकर बात की।
यह भी पढ़ें : जम्मू-कश्मीर के थाने में ब्लास्ट: 9 ने तोड़ा दम, दिल्ली धमाके से जोड़े जा रहे लिंक
BJP के इस आरोप पर कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज से 41 प्रोफेसर हटाए गए हैं, सीएम ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह झूठ है। CM ने कहा एक भी प्रोफेसर नहीं हटाया गया है। हर मेडिकल कॉलेज का अलग कैडर बनाया जा रहा है। IGMC का भी अलग कैडर तैयार हो रहा है। नेरचौक मेडिकल कॉलेज के 28 डॉक्टरों को उन मंडी क्षेत्र की डिस्पेंसरियों में तैनात किया गया है, जहां डॉक्टर नहीं थे। सीएम ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में स्टाफ बढ़ाया जाएगा ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की एक और गारंटी फेल- पक्की नौकरी की जगह आउटसोर्स भर्ती, सैलरी मात्र 10 हजार
CM सुक्खू ने भाजपा पर पिछली सरकार के दौरान चिकित्सा संस्थानों को केवल कागजों में बढ़ाने और मशीनरी व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा भाजपा ने संस्थान तो खोल दिए, लेकिन MRI जैसी मशीनें ठेके पर दे दीं। हमारी सरकार ऐसा नहीं करेगी।
CM ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार प्रदेश पर करीब 75 हजार करोड़ रुपये का कर्ज छोड़कर गई। वर्तमान सरकार इस कर्ज को चुकाने में लगी है, इसलिए अतिरिक्त कर्ज लेना भी मजबूरी बन गया है। सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार ने भ्रष्टाचार के “चोर दरवाजे” बंद किए हैं। पहले भ्रष्टाचार के जरिए हजारों करोड़ रुपये लुटा दिए जाते थे, लेकिन अब सिस्टम को पारदर्शी और मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एक नए आर्थिक ढांचे की ओर बढ़ रहा है और आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में महत्वपूर्ण सुधार किए जा रहे हैं।