#राजनीति

September 18, 2025

यूथ कांग्रेस ने कंगना को दिखाए काले झंडे, 'गो बैक- You Are Late' के लगाए नारे; जानें कारण

आपदाग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंची कंगना को विरोध का करना पड़ा सामना

शेयर करें:

kangana-ranaut.jpg

मनाली। हिमाचल प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के बाद स्थिति का जायजा लेने पहुंचीं मंडी से सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट को गुरुवार को कुल्लू जिले के पतलीकूहल में विरोध का सामना करना पड़ा। दौरे के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए और कंगना गो बैक के नारे लगाए। वहीं युवाओं ने कंगना यू आर लेट, यू आर लेट के नारे लगाए। इसके चलते कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया और भाजपा तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

आपदा राहत को लेकर उठे सवाल

कंगना रनोट गुरुवार दोपहर लगभग ढाई बजे नग्गर पुल के पास स्थित एक क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण करने पहुंचीं थीं। यह वही सड़क है जिसके पुनर्निर्माण के लिए पूर्व विधायक गोविंद सिंह ठाकुर की पहल पर 76 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। कंगना के दौरे का उद्देश्य आपदा राहत कार्यों का जायजा लेना था, लेकिन उनके आगमन से पहले ही यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध के लिए इकट्ठा हो चुके थे।

 

यह भी पढ़ें : आपदा से घिरे हिमाचल को राम भरोसे छोड़- CM सुक्खू लंदन रवाना, पत्नी-बेटियों को भी ले गए साथ

आपदा के समय सांसद नदारद रहीं

मनाली यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने कंगना रनोट पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब कुल्लू-मनाली में भारी तबाही मची थी, तब सांसद क्षेत्र में कहीं दिखाई नहीं दीं। उन्होंने कहा कि आपदा के समय जब लोगों को अपने प्रतिनिधियों की सबसे अधिक जरूरत थी, कंगना रनोट ने अपने संसदीय क्षेत्र का रुख करना जरूरी नहीं समझा। अब जब जनजीवन धीरे.धीरे सामान्य हो रहा है, तो वह राजनीति करने के इरादे से यहां आई हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल को जल्द मिलेगी बारिश से राहत, इस दिन से कमजोर पड़ने वाला है मानसून

भाजपा -कांग्रेस कार्यकर्ताओं में कहासुनी

प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय बिगड़ गया जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध कर रहे यूथ कांग्रेस सदस्यों को हटाने की कोशिश की। मनीष ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके साथ धक्का.मुक्की की और शांतिपूर्ण विरोध को कुचलने की कोशिश की। वहीं पुलिस ने मौके पर तीन लोगों को हिरासत में लिया और वहां से हटाया। इस दौरान भी काफी गहमा गहमी का माहौल रहा।

ब्लॉगर पर भड़की कंगना

विरोध और सवालों से घिरी कंगना रनोट ने भी तीखा पलटवार किया। एक महिला ब्लॉगर के सवाल पर नाराजगी जताते हुए कंगना ने कहा कि अगर आप हमें नोचने आएंगे, तो हम कैसे काम करेंगे। मैं जानती हूं कंगना आपको बहुत बड़ी तोप लगती है, लेकिन मैं यहां अपनी जिम्मेदारी निभाने आई हूं।

यह भी पढ़ें : आपदा के बाद पहली बार मनाली में सांसद कंगना, प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लेंगी नुकसान का जायजा

गांधी परिवार और राज्य सरकार पर भी साधा निशाना

अपने बयान में कंगना रनोट ने केवल स्थानीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी कांग्रेस नेतृत्व को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को भी आपदा के समय यहां आना चाहिए था। जो लोग सत्ता में हैं, उन्हें केवल पैसे मांगने की आदत हो गई है। हिमाचल सरकार को भी अपनी जवाबदेही तय करनी चाहिए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़े तीन यार, सुबह-सवेरे कार से निकले थे चिट्टा सप्लाई करने

सियासत के केंद्र में आपदा

हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक आपदा ने जहां एक ओर लोगों की ज़िंदगी को प्रभावित किया है, वहीं इसके बहाने सियासत भी गरमा गई है। एक ओर कांग्रेस सांसद कंगना रनोट की क्षेत्र में गैरमौजूदगी को मुद्दा बना रही है, तो दूसरी ओर भाजपा इस दौरे को राहत कार्यों की निगरानी बताकर विपक्ष पर सस्ती राजनीति का आरोप लगा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख