#राजनीति

January 4, 2026

सुक्खू की सरकार में बेखौफ हुए अपराधी, डर के साये में जी रही जनता; अनुराग ठाकुर ने दी ये चेतावनी

अनुराग ठाकुर ने धर्मशाला कॉलेज छात्रा की मौत पर जताया दुख

शेयर करें:

Anurag thakur

शिमला। शांत पहाड़ों और देवस्थलों की पहचान रखने वाला हिमाचल प्रदेश अब अपराध की बढ़ती घटनाआंे से सुर्खियां बटोर रहा है। देव भूमि अब धीरे धीरे अपराध की भूमि बनती जा रही है। जिसकी सीधे सीधे तौर पर प्रदेश की सुक्खू सरकार की विफलता जिम्मेदार है। प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना है कि सरकार की नाकामी ने अपराधियों को खुली छूट दे दी है और देवभूमि धीरे.धीरे अपराध भूमि में तब्दील होती जा रही है।

कांग्रेस की लापरवाही से बिगड़े हालात

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल जिसे कभी देश का सबसे शांत राज्य माना जाता था, आज हिंसक और आपराधिक घटनाओं की गिरफ्त में है। कानून-व्यवस्था की कमजोर पड़ती जंजीरें अपराधियों के हौसले और मजबूत कर रही हैं। आम आदमी के मन में डर घर कर रहा है, जबकि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से एक साथ उठी पति-पत्नी की अर्थियां, तीन बच्चों की चीखों से दहल उठा इलाका

अनुराग की सुक्खू सरकार को चेतावनी

भाजपा सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। खासकर कानून व्यवस्था के मामले में सरकार की लापरवाही ने हालात को और बिगाड़ दिया है। अपराधियों को न सजा का भय है और न ही कानून का डर, यही वजह है कि प्रदेश में आपराधिक घटनाओं की बाढ़ सी आ गई है। सांसद ने चेतावनी दी है कि अगर हालात ऐसे ही रहे तो वह दिन दूर नहीं जब आपराधिक गतिविधियों में हिमाचल का नाम सबसे पहले लिया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि देवभूमि एक बार फिर शांति और सुरक्षा का प्रतीक बन सके।

 

यह भी पढ़ें : आर्थिक संकट में सुक्खू सरकार ने अपने मंत्रियों के लिए खरीदी महंगी गाड़ियां, नेता प्रतिपक्ष को भी दी

धर्मशाला की बेटी की मौत पर जताया दुख

उन्होंने धर्मशाला की एक बेटी की दुखद मौत का जिक्र करते हुए इसे बेहद पीड़ादायक बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही मांग की कि इस मामले में निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच हो तथा दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अनुराग ने गिनाए आपराधिक आंकड़े

अनुराग ठाकुर ने अपराध के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि हालात कितने गंभीर हो चुके हैं, इसका अंदाजा इन्हीं आंकड़ों से लगाया जा सकता है। वर्ष 2025 में हिमाचल प्रदेश में दुष्कर्म के 363 मामले दर्ज किए गए, जो वर्ष 2024 के मुकाबले करीब 19 प्रतिशत अधिक हैं। इसी तरह अपहरण और किडनैपिंग के मामलों में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सरकार की कथित कार्रवाई भी केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही है। वर्ष 2025 में नशा तस्करी और इससे जुड़े करीब 1,967 मामले सामने आए, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 28 प्रतिशत ज्यादा हैं। यह आंकड़े साफ संकेत देते हैं कि माफिया और अपराधी बेखौफ होकर अपना नेटवर्क फैला रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें :  धर्मशाला छात्रा मौ*त मामला उलझा- क्लासमेट ने खोले कई राज, क्या झूठ बोल रहा कॉलेज प्रबंधन?

समय रहते सख्त कदम उठाए सुक्खू सरकार

भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून का राज कमजोर हुआ है और सरकार अपराध पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह असफल रही है। बढ़ते अपराध यह सवाल खड़ा करते हैं कि आखिर आम नागरिक की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा। हिमाचल की जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। देवभूमि की पहचान पर जो दाग लग रहा है, वह केवल सरकार की विफल नीतियों का परिणाम है। अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख