#राजनीति
August 22, 2025
हिमाचल में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' अभियान शुरू, रजनी ने बताया-कब होगा कांग्रेस संगठन का गठन
रजनी पाटिल ने कहा कांग्रेस को दबाने का प्रयास कर रही भाजपा
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस ने एक बार फिर बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 'वोट चोर, गद्दी छोड़' अभियान की शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को शिमला स्थित राजीव भवन में कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की। बैठक में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद रजनी पाटिल विशेष रूप से मौजूद रहीं। बैठक के बाद इस जनआंदोलन की शुरुआत की गई, जिसे अब ब्लॉक स्तर तक ले जाने की रणनीति तैयार की जा रही है।
इस मौके पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर लोकतंत्र को कमजोर करने और विपक्ष की आवाज दबाने के गंभीर आरोप लगाए। रजनी पाटिल ने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस देशभर में वोट चोरी के खिलाफ अभियान चला रही है और अब इसे हिमाचल प्रदेश में भी मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस की 'वोट चोर, कुर्सी छोड़' रैली में बवाल, CM सुक्खू-विक्रमादित्य के समर्थक भिड़े
कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए केंद्र सरकार लगातार दमनकारी रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट में बड़ी गड़बड़ियों के सबूत उजागर किए हैं, जिनमें एक ही भवन में हजारों वोटर, और ज़ीरो नंबर वाले मकानों में सैकड़ों वोटों की मौजूदगी के उदाहरण सामने लाए गए हैं।
रजनी पाटिल ने कहा कि इसी तरह की गड़बड़ियों के खिलाफ राहुल गांधी ने बिहार से अधिकार यात्रा शुरू की है और अब कांग्रेस इस आंदोलन को देश के कोने.कोने तक ले जाएगी। हिमाचल में भी यह अभियान चरणबद्ध तरीके से गांव.गांव तक पहुंचाया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने हिमाचल में कांग्रेस संगठन के गठन की बात भी कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल में अब जल्द ही कांग्रेस संगठन का गठन होगा। पाटिल ने भाजपा से सवाल पूछते हुए कहा कि कांग्रेस से तो कार्यकारिणी विस्तार पर सवाल किए जाते हैं, लेकिन कोई यह नहीं पूछता कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को क्यों नहीं बदला गया। उन्होंने कहा कि यह दोहरा मापदंड अब नहीं चलेगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस अवसर पर कहा कि कांग्रेस के पास जनादेश है और पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों को लेकर राहुल गांधी जो संघर्ष कर रहे हैं, उसे हिमाचल की जनता का पूरा समर्थन मिलेगा। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस को 2022 के विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत मिला, लेकिन भाजपा ने सत्ता के लोभ में लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंचाई और दोबारा चुनाव थोपे गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : लोकल लड़कों ने पकड़े 7 चिट्टा तस्कर, पहले की धुनाई- फिर किया पुलिस के हवाले
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि अब यह अभियान जिला और ब्लॉक स्तर पर ले जाया जाएगा। इसके तहत हर ब्लॉक में जनसभाएं और सिग्नेचर कैंपेन चलाए जाएंगे, ताकि जनता की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की मंडल और ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणियां भी जल्द गठित की जाएंगी।