#राजनीति
February 19, 2025
हिमाचल कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में नए चेहरों को मौका देने के पक्ष में हैं विक्रमादित्य सिंह
पार्टी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह जल्द दिल्ली जाएंगी
शेयर करें:
शिमला। बीते नवंबर में भंग हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। दिल्ली में राज्य कांग्रेस के प्रमुख नेता पार्टी आलाकमान से मिलकर अपनी पसंद का इजहार कर चुके हैं। राज्य के पीडब्लूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी दिल्ली होकर आए हैं। बुधवार को उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान को नई कार्यकारिणी में नए चेहरों को मौका देना चाहिए, तभी राज्य में कांग्रेस मजबूत होगी।
मार्च के पहले हफ्ते में हिमाचल की नवनियुक्त कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल दौरे पर आएंगी। उससे पहले लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का बयान एक अहम संकेत माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि रजनी पाटिल पहले भी हिमाचल में पार्टी प्रभारी रह चुकी हैं, इसलिए वे प्रदेश के मसलों और पार्टी की गतिविधियों को लेकर भली भांति परिचित हैं।
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि दिल्ली दौरे के दौरान सीएम सुक्खू भी रजनी पाटिल से मिले हैं। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी एक दो दिनों में दिल्ली जाकर पार्टी प्रभारी से मुलाकात करेंगी।
हालांकि कार्यकारिणी में किसे मौका देना है, यह पार्टी आलाकमान का विशेषाधिकार है, लेकिन विक्रमादित्य सिंह का मानना है कि नई कार्यकारिणी में नए चेहरों को स्थान मिलना चाहिए। तभी प्रदेश में पार्टी मजबूत होगी और हिमाचल प्रदेश विकास की ओर आगे बढ़ेगा।
पीडब्ल्यूडी मंत्री दो दिन के दिल्ली दौरे से वापस लौटे हैं। दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और प्रदेश की पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की है। इसके बाद अब कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का भी अगले कुछ दिनों में दिल्ली जाने का कार्यक्रम बन रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बेटी से कहा बाजार जा रहा हूं- परिवार को जंगल में मिली उप प्रधान की देह
ऐसे में प्रदेश की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर हलचल तेज हो गई है। बता दें कि अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष को छोड़कर प्रदेश सहित जिला और ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणी को नवंबर महीने में भंग किया था, जिसके बाद अभी तक प्रदेश में नई कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया है।