#राजनीति
August 9, 2025
कुलदीप पठानिया के क्षेत्र में अगला चुनाव लड़ेंगे भरमौरी ! बेटे के लिए छोड़ेंगे अपनी सीट
ठाकुर सिंह भरमौरी ने अपनाए तलख तेवर, किया बड़ा ऐलान
शेयर करें:
भरमौर। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में लगातार नए समीकरण बनते नजर आ रहे हैं। हाल ही में पूर्व मंत्री धनी राम शांडिल के बेटे के राजनीति में उतरने की चर्चा के बीच, अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने भी अपने बेटे अमित भरमौरी को सक्रिय राजनीति में आगे बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि भरमौर विधानसभा क्षेत्र में अब अमित भरमौरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है और आगामी चुनाव में वे पार्टी की ओर से उम्मीदवार होंगे।
इसके साथ ही ठाकुर सिंह भरमौरी ने भटियात विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए हैं। उन्होंने बताया कि समर्थक और जनता उन पर भटियात से चुनाव लड़ने का लगातार दबाव बना रहे हैं। इस विषय पर वे अपने राजनीतिक सहयोगियों और समर्थकों से चर्चा के बाद अंतिम फैसला लेंगे।
यह भी पढ़ें : प्रतिभा सिंह बोली: मैंने मुख्यमंत्री से किया था आग्रह... जानें किस बात पर जताई नाराजगी
यह संकेत कांग्रेस के भीतर नई राजनीतिक खींचतान की ओर इशारा कर रहे हैं, क्योंकि भटियात से वर्तमान में कांग्रेस विधायक और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या भरमौरी, पठानिया को चुनौती देंगे और क्या कांग्रेस मौजूदा विधायक को दरकिनार कर भरमौरी को टिकट देगी। आने वाले समय में इस सियासी समीकरण का खुलासा होगा।
भरमौरी ने मुख्यमंत्री कार्यालय पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्हें गुमराह किया जा रहा है और पार्टी में उन नेताओं को तरजीह दी जा रही है जिन्होंने तीन-चार बार राजनीतिक दल बदले हैं, जबकि निष्ठावान और वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि इस तरह का हस्तक्षेप जारी रहा तो उन्हें भी भविष्य की राजनीति को लेकर गंभीर कदम उठाने पड़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में यहां दरका पहाड़, मलबे में दफन हो गया पेट्रोल पंप; ड्यूटी पर थे कई कर्मचारी
उन्होंने कहा कि अकेले मुख्यमंत्री किसी भी चुनावी वादे को पूरा नहीं कर सकते, इसके लिए पूरी टीम और संगठन को एकजुट होकर काम करना होगा। भरमौरी ने जनजातीय विकास मंत्री पर भी आरोप लगाया कि वे भाजपा समर्थित लोगों के कामों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: रात के अंधेरे में नशा सप्लाई करने निकले थे दो युवक, बड़ी खेप के साथ धरे
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि धनी राम शांडिल की तरह ही अब ठाकुर सिंह भरमौरी भी पारिवारिक उत्तराधिकार की राह पर चल पड़े हैं और आने वाले चुनावों में यह कदम कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और टिकट वितरण में अहम भूमिका निभा सकता है।