#राजनीति
June 29, 2025
हिमाचल BJP को मिलने वाला है नया चेहरा- 1 जुलाई को होगी घोषणा- ये दो नेता रेस में सबसे आगे
एक-दो दिन में हो सकता है ऐलान
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा का इंतजार अब खत्म होने को है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए नामांकन 30 जून को दाखिल किए जा सकते हैं और 1 जुलाई को केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह शिमला में औपचारिक रूप से नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकते हैं। डॉ. जितेंद्र सिंह को पार्टी हाईकमान ने हिमाचल अध्यक्ष चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदेश में अध्यक्ष चुनाव की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. राजीव भारद्वाज जल्द ही नोटिस जारी करेंगे, जिसके बाद चुनाव प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।
हालांकि पार्टी पहले ही अपने 18 लाख से अधिक सदस्य, जिला और मंडल स्तर की कमेटियां दिसंबर में बना चुकी है, लेकिन अध्यक्ष पद की घोषणा लंबे समय से टली हुई थी, जिसका मुख्य कारण पार्टी में चल रही गुटबाजी रही।
अध्यक्ष पद के लिए 8 नामों की चर्चा हो रही है, लेकिन मुख्य मुकाबला दो राजीवों यानी मौजूदा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और कांगड़ा-चंबा से सांसद राजीव भारद्वाज के बीच माना जा रहा है। राजीव बिंदल को जहां जेपी नड्डा, अनुराग ठाकुर और प्रेम कुमार धूमल का समर्थन प्राप्त है, वहीं राजीव भारद्वाज को जयराम ठाकुर का समर्थन है और वे प्रधानमंत्री मोदी की 'गुड बुक्स' में भी माने जाते हैं।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के लिए यह नियुक्ति रणनीतिक रूप से अहम है। अध्यक्ष पद के लिए यदि आम सहमति नहीं बनती है तो 200 से ज्यादा डेलीगेट्स वोटिंग के जरिए नया अध्यक्ष चुनेंगे। पार्टी यह भी चाहती है कि कांगड़ा जैसे बड़े जिले को साधा जाए, जहां से सत्ता की दिशा तय होती है।