#राजनीति
February 8, 2025
दिल्ली में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत पर बोले अनुराग ठाकुर, "आप-दा" का हुआ अंत
हिमाचल भाजपा नेताओं ने दी अपनी प्रतिक्रिया
शेयर करें:
शिमला। दिल्ली में भाजपा की लगभग ऐतिहासिक जीत हो चुकी है। भाजपा की इस जीत पर हिमाचल में भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। हिमाचल के हर जिला में भाजपा नेता पटाखे फोड़ कर और लड्डू बांट कर दिल्ली की जीत की खुशी मना रहे हैं।
भाजपा की इस जीत पर हिमाचल भाजपा नेता भी अपनी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष सहित अनुराग ठाकुरए जेपी नड्डा ने इसे भ्रष्टाचार का अंत बताया है। वहीं भाजपा की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और जनता के विश्वास की जीत बताया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए सबसे पहले दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त किया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली विकास के लिए तड़प रही थी। अनुराग ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा बहाने बनाने वाली आम आदमी पार्टी की दिल्ली से विदाई करने के लिए जनता हार्दिक आभार....
यह भी पढ़ें : पत्नी संग प्रयागराज पहुंचे अनुराग ठाकुर, संगम में लगाई पवित्र डुबकी
अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी आप के पाप का घड़ा भर गया था। आम आदमी पार्टी से जनता किस कद्र परेशान हो चुकी थी, इसका जवाब जनता ने भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद प्रचंड जीत के रूप में देकर दे दिया है। 11 सालों तक लगातार दिल्ली में लूट और भ्रष्टाचार की खुली छूट थी। लोग आप सरकार से तंग आ गए थे। आप के बड़े बड़े नेताओं की हार इस बात का सबूत है कि दिल्ली की जनता आप सरकार से किस कद्र त्रस्त थी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से देश और दुनिया में कोविड क्राइसिस थे, उसी तरह दिल्ली में केजरीवाल क्राइसिस थे।
वहीं दिल्ली की जीत पर नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर कहा कि दिल्ली में आपदा समाप्त हो रही है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को भरपूर आशीर्वाद देने के लिए दिल्ली की देवतुल्य जनता का हृदय से आभार। बहुत लंबे समय से दिल्ली में एक पार्टी ने अराजकता का माहौल बना रखा था वो आपदा आज समाप्त हो रही है। जिस पार्टी का जन्म भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए हुआ था उस पार्टी का अंत भ्रष्टाचार में डूबकर हुआ है।
यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर के तूफानी प्रचार में बह गए 'AAP' के कई धुरंधर नेता, 27 साल बाद भाजपा की वापसी
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने एक पोस्ट कर लिखा है कि आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व का परिणाम है। प्रत्येक बूथ पर अथक परिश्रम करने वाले भाजपा के हमारे कार्यकर्ताओं और प्रदेश नेतृत्व को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।
आप-दा सरकार ने दिल्ली में भ्रष्टाचार, कुशासन, और तुष्टिकरण की सारी सीमाएं लांघ दी थी। आज दिल्ली उनके झूठ, छल और प्रपंच से मुक्त होकर प्रगति और प्रतिष्ठा के नए युग में अपनी यात्रा आरंभ कर रही है।