#राजनीति

September 18, 2025

हर्ष महाजन का दावा: पत्नी के साथ पार्टी बदलने आए थे कांग्रेस MLA, CBI रेड का था डर

हर्ष महाजन ने कांग्रेस विधायक को बताया माइनिंग माफिया

शेयर करें:

Harash mahajan solan

बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला की औद्योगिक नगरी बद्दी में सियासी पारा उस समय चढ़ गया जब राज्यसभा सांसद और भाजपा नेता हर्ष महाजन ने दून के कांग्रेस विधायक राम कुमार चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए। हर्ष महाजन ने दून  के कांग्रेस विधायक को माइनिंग माफिया करार दिया। महाजन ने दावा किया कि चौधरी उनके पास भाजपा में शामिल होने की गुहार लेकर आए थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें लेने से साफ इंकार कर दिया।

भाजपा में शामिल करने की मिन्नतें कर रहे थे कांग्रेस विधायक

हर्ष महाजन ने मंच से बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक राम कुमार और उनकी पत्नी चंडीगढ़ में उनसे मिलने आए थे। यह लोग मुझसे भाजपा में शामिल करने की मिन्नतें कर रहे थे। विधायक को लग रहा था कि उन पर सीबीआई और इडी की रेड पड़ने वाली है और भाजपा में शामिल होने से वह बच जाएंगे। हर्ष महाजन ने कहा कि मैंने उन्हें हाथ जोड़कर कहा कि भाजपा को ऐसे नेताओं की जरूरत नहीं। आपने जनता का खून पी लिया है, अब यहां बच नहीं सकते, अगर बचना है तो विदेश चले जाइए।

 

यह भी पढ़ें : मनाली पहुंची कंगना की सुक्खू सरकार को नसीहत, केंद्र से हजारों करोड़ मिले- पर नहीं जताया आभार

कांग्रेस विधायक ने बिगाड़ी बद्दी की सूरत

भाजपा नेता ने चौधरी परिवार पर अवैध खनन और उद्योगों से लूट.कसूट का धंधा चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस परिवार ने बद्दी की सूरत बिगाड़ कर रख दी है। यहां की सड़कों की हालत खस्ता है। विकास नाम की कोई चीज नहीं है। अवैध खनन सरेआम हो रहा है और कांग्रेस के नेता व विधायक खुद इसके संरक्षक बने हुए हैं।

यहां नेता खुद ही बने हैं खनन माफिया

हर्ष महाजन बद्दी के थाना गांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविर में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि बीबीएन की (बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) बदहाल स्थिति के लिए कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है। यहां के स्थानीय नेता ही अवैध खनन के मुख्य सरगना बने हुए हैं। अभी मैं नालागढ़ से बद्दी आ रहा था, रास्ते में कई ट्रैक्टर अवैध खनन करते देखे। मेरी गाड़ी भी सड़क के गड्ढों में खराब हो गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आउटसोर्स कंप्यूटर टीचर्स होंगे रेगुलर, हाईकोर्ट ने सुनाया फैसला

खनन माफिया कांग्रेस के विधायक के आशीर्वाद से दिन.रात खनन कर रहे हैं। कोई रोकने वाला नहीं है। भाजपा नेता ने दावा किया कि आने वाला वक्त भाजपा का है और कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिलेगी। हम चाहें तो अभी ही सरकार गिरा सकते हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि इस सरकार की ऐसी दुर्गति हो कि लोग कांग्रेस का नाम लेना भी पसंद न करें।

राम कुमार चौधरी का पलटवार

वहीं दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने हर्ष महाजन के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि हर्ष महाजन खुद भाजपा में जाने के बाद सीएम बनने के सपने देख रहे हैं, लेकिन उनका यह ख्वाब कभी पूरा नहीं होगा। चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि हर्ष महाजन मुझे भाजपा में शामिल होने के लिए लगातार संपर्क कर रहे थे, लेकिन मैंने उनके ऑफर को ठुकरा दिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस नेता ने MP कंगना को बताया 'डिजास्टर', कहा- जनसेवा से नहीं उन्हें कोई मतलब

मैं कांग्रेस के साथ स्तंभ की तरह खड़ा हूं। 55 साल से हमारा परिवार कारोबार कर रहा है। हम पुश्तैनी व्यापारी हैं, किसी को डरा धमका कर खाने की आदत नहीं है। उन्होंने कहा कि हर्ष महाजन पूरी उम्र कांग्रेस में रहे और अब बुढ़ापे में कांग्रेस रूपी मां की पीठ में छुरा घोंप दिया। भाजपा पहले भी कांग्रेस को तोड़ने की कोशिश कर चुकी है और अगर कोई कसर बाकी है तो अब भी लगा ले।

कांग्रेस से भाजपा में गए हैं हर्ष महाजन

हर्ष महाजन खुद कांग्रेस के दिग्गज रहे हैं और वीरभद्र सिंह के करीबी माने जाते थे। 2022 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बनकर उन्होंने क्रॉस वोटिंग में जीत हासिल की, जिससे सुक्खू सरकार गिरते-गिरते बची थी। अब वही हर्ष महाजन कांग्रेस नेताओं पर भ्रष्टाचार और अवैध खनन के आरोप जड़ रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख