#राजनीति
May 2, 2025
संविधान बचाओ रैली में गुटबाजी से कांग्रेस आलाकमान खफा, जानें CM-प्रतिभा को क्या कहा
मुकेश और विक्रमादित्य भी दिल्ली में
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली से पहले बिलासपुर में गुरुवार को कार्यकर्ताओं के बीच गुटबाजी और इस्तीफा प्रकरण से कांग्रेस आलाकमान बेहद नाराज है। शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने आए CM सुखविंदर सिंह सुक्खू और पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को इशारों में पार्टी आलाकमान ने बता दिया कि पार्टी के अंदरखाने में कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
आपको बता दें कि केवल CM सुक्खू और प्रतिभा सिंह ही नहीं, बल्कि डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री भी शुक्रवार दोपहर दिल्ली पहुंच गए। हिमाचल प्रदेश के पीडब्लूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह पहले ही दिल्ली में हैं। इस तरह CM समेत प्रदेश के 4 कद्दावर नेता एक साथ दिल्ली गए हैं। इससे कांग्रेस आलाकमान के सामने पार्टी के दो गुटों में लामबंदी के कयास लगाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आज से महंगा हुआ दूध, जानें प्रति किलो चुकानी पड़ेगी कितनी कीमत
बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बगावत की पूरी रिपोर्ट पार्टी आलाकमान तक पहुंच चुकी है। कार्यकर्ता सम्मेलन में एक कांग्रेस नेता ने सीएम और प्रदेश अध्यक्ष से इस्तीफा मांग लिया था। यही नहीं, इसी बैठक में हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस कार्यकारिणी का ऐलान होने में 6 महीने की देरी से गुस्साए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी आलाकमान के खिलाफ भी नारेबाजी की थी। एक नेता साबरदीन ने कहा, हिंदुस्तान की सबसे बड़ी और पुरानी पार्टी में आज जिलाध्यक्ष ही नहीं है। कहां जाएगी पार्टी? कार्यकर्ता अनाथ हो गए हैं।

यह भी पढ़ें : चूड़धार यात्रा टैक्स पर घिरी सुक्खू सरकार, प्रेम शुक्ला बोले-कांग्रेस चला रही मुगलिया शासन
कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि CM सुक्खू और प्रतिभा सिंह दोनों को कांग्रेस आलाकमान ने संविधान बचाओ रैली को सीरियसली लेने की हिदायत दी है। लेकिन दिक्कत यह है कि जिला और विधानसभा सीट स्तर पर होने वाली इस रैली के लिए न तो संगठन तैयार है और न ही सरकार दिलचस्पी ले रही है। बिलासपुर में गुरुवार को जो हुआ, उसने रैली की तैयारियों पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस कार्यसमिति के इतर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने CM और प्रतिभा सिंह दोनों को परस्पर समन्वय के साथ रैली की नई रणनीति तैयार करने को कहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस में मचा बवाल- दिल्ली जा रहे तीन बड़े नेता, क्या हाईकमान से होगी सीधी बात?
डिप्टी CM मुकेश अग्निहेत्री भी शुक्रवार शाम को दिल्ली पहुंच गए। बिना तय कार्यक्रम के उनके अचानक दिल्ली पहुंचने के दो अर्थ निकाले जा रहे हैं। एक- पार्टी की राज्य कार्यकारिणी में अपने समर्थकों की नियुक्ति का दबाव बनाना और दूसरा, सुक्खू सरकार के कैबिनेट विस्तार में अपनी पसंद से आलाकमान को अवगत कराना। दोनों ही मुद्दों पर हिमाचल कांग्रेस में दो गुट साफतौर पर उभरकर सामने आए हैं और इस गुटबाजी का असर पार्टी की राज्य कार्यकारिणी के गठन पर भी पड़ा है। बताया जाता है कि विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस के कद्दावर महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है। बताया जाता है कि दोनों के बीच कांग्रेस पार्टी के राज्य संगठन को लेकर चर्चा हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अब कुल्लू डीसी ऑफिस में आई ई मेल, 24 घंटे में धमाका करने की मिली धमकी
CM सुक्खू और प्रतिभा सिंह कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात कर सकते हैं और जानकार सूत्र बताते हैं कि इस मुलाकात का प्रमुख एजेंडा पार्टी की राज्य कार्यकारिणी का जल्द ऐलान ही होगा। हिमाचल कांग्रेस को संगठन के बगैर 6 महीने होने जा रहे हैं। बिना संगठन के कांग्रेस वर्कर मायूस हैं। सुक्खू कैबिनेट में मंत्री चंद्र कुमार संगठन को पैरालाइज्ड तक बोल चुके हैं। प्रतिभा सिंह को भी नई कार्यकारिणी के बिना काम करने में मुश्किलें पेश आ रही हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी में गुटबाजी को दरकिनार कर अब आलाकमान के निर्देश को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का कड़ा संदेश दे सकते हैं।