#राजनीति

October 29, 2025

CM सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री ने दिल्ली में रजनी पाटिल से की मुलाकात, हिमाचल में बढ़ा सियासी पारा

अध्यक्ष पद के लिए दो नाम रेस में आगे

शेयर करें:

Himachal Congress

नई दिल्ली/शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की। इस मुलाकात ने प्रदेश कांग्रेस में नए अध्यक्ष और संगठनात्मक फेरबदल को लेकर चल रही अटकलों को और हवा दे दी है।

अध्यक्ष पद के लिए ये दो नाम रेस में आगे

दरअसल, हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनने के बाद अब तक प्रदेश संगठन का पुनर्गठन नहीं हो पाया है। पार्टी को सत्ता में आए लगभग एक वर्ष पूरा होने वाला है, लेकिन स्थायी अध्यक्ष और जिला स्तर तक की समितियों का गठन लंबित है। 6 नवंबर को सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार को 12 महीने पूरे हो जाएंगे, और इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर शीर्ष स्तर पर मंथन जारी है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल CM ने वित्त मंत्री से की मुलाकात : PM पैकेज और लोन लिमिट बढ़ाने की रखी मांग

 

पार्टी सूत्रों के अनुसार, मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की जगह दो नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरकर सामने आए हैं- शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर। बताया जा रहा है कि प्रभारी रजनी पाटिल ने कुलदीप राठौर का नाम हाईकमान को सुझाया है, जबकि मुख्यमंत्री सुक्खू की पहली पसंद रोहित ठाकुर हैं।

कई अन्य नाम भी दौड़ में

वहीं, अनुसूचित जाति कोटे से श्रीरेणुकाजी के विधायक विनय कुमार की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है। कहा जा रहा है कि डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री विनय कुमार के नाम पर जोर दे रहे हैं और चाहते हैं कि संगठन में सामाजिक संतुलन बनाए रखने के लिए इस बार अध्यक्ष पद किसी एससी नेता को दिया जाए।

 

यह भी पढ़ें: बिना तैयारी मीटिंग में आए अफसरों पर बरसी सांसद कंगना, बोली- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

 

इसके अलावा भोरंज से विधायक सुरेश कुमार, कसौली से सुल्तानपुरी, पालमपुर से आशीष बुटेल और नगरोटा बगवां से आर.एस. बाली जैसे नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान द्वारा लिया जाएगा, लेकिन मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम की दिल्ली में हुई ताजा बैठक के बाद संकेत साफ हैं कि अब फैसले की घड़ी नज़दीक है।

नवंबर में होगा फैसला

दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि, “कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर फैसला नवंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में हो जाएगा।” उन्होंने यह भी संकेत दिए कि अध्यक्ष की ताजपोशी के तुरंत बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन का पुनर्गठन किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मिले CM सुक्खू- पहले जताया आभार फिर सामने रखी ये बड़ी डिमांड

 

गौरतलब है कि, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीते साल 6 नवंबर को हिमाचल की राज्य, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को भंग कर दिया था। इसके बाद से प्रदेश संगठन अस्थायी व्यवस्था में चल रहा है। अब जबकि विधानसभा चुनाव को एक साल और लोकसभा चुनाव को कुछ ही महीने बचे हैं, पार्टी चाहती है कि हिमाचल में संगठन को पूरी मजबूती से खड़ा किया जाए।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख