#राजनीति
March 20, 2025
निर्मला सीतारमण से मिले CM सुक्खू: जानें क्या बात हुई और क्या कुछ मांगा ?
दो दिवसीय दौरा, अन्य मंत्रियों से भी करेंगे मुलाकात
शेयर करें:
नई दिल्ली/शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री से हिमाचल प्रदेश के लिए आवश्यक संसाधनों और परियोजनाओं को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया। उन्होंने राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे के विकास और केंद्र सरकार से विशेष सहायता की जरूरत पर भी बल दिया।
यह भी पढ़ें : ब्रेकिंग: बंबर ठाकुर केस में एक शूटर अरेस्ट, जानें कहां से दबोच लाई SIT
बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "आज नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों और प्रदेश के हित में आवश्यक संसाधनों और परियोजनाओं को प्राथमिकता देने को लेकर चर्चा हुई।"
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर दिल्ली पहुंचे हैं, जहां वे विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के विकास कार्यों को गति देना और केंद्र से अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्राप्त करना है।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य सिंह की विपक्ष को नसीहत, दिवंगत विमल नेगी पर ना करें राजनीति
प्रदेश सरकार के अनुसार, हिमाचल में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए केंद्र से सहयोग की आवश्यकता है। ऐसे में मुख्यमंत्री की यह मुलाकात प्रदेश के आर्थिक और बुनियादी ढांचे के विकास के लिहाज से अहम मानी जा रही है।