#हादसा

September 24, 2026

हिमाचल: बाथरूम में थी मां.. पीछे से पानी से भरी बाल्टी में डूब गई डेढ़ साल की मासूम; पसरा मातम

एक झटके में उजड़ गई परिवार की खुशियां, पसरा मातम

शेयर करें:

bilaspur News

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। भराड़ी क्षेत्र में एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उनकी महज डेढ़ साल की मासूम बेटी पानी से भरी बाल्टी में डूब गई। हादसे में बच्ची की मौत हो गई। मासूम की अचानक हुई मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

घर में खेल रही थी मासूम, कुछ ही देर में हो गया हादसा

जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है। मृत बच्ची की पहचान अनाविया प्रवीण (डेढ़ वर्ष) पुत्री जाहिद अंसारी के रूप में हुई है। जाहिद अंसारी मूल रूप से गांव श्रीनगर, जिला भागलपुर, बिहार के रहने वाले हैं और वर्तमान में अपने परिवार के साथ भराड़ी में किराए के मकान में रह रहे थे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में कार से मिली ढेर सारी कैश, चिट्टा और चरस : 4 युवक हुए गिरफ्तार

 

बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्ची की मां कुछ देर के लिए शौचालय गई थी। उस दौरान डेढ़ वर्षीय अनाविया घर के रसोईघर में खेल रही थी। इसी बीच खेलते-खेलते बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल वहां रखी करीब 20 लीटर पानी से भरी बाल्टी में जा गिरी।

मां ने लौटकर देखा तो उड़ गए होश

कुछ देर बाद जब बच्ची की मां शौचालय से वापस लौटी तो सामने का मंजर देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मासूम पानी से भरी बाल्टी में डूबी हुई थी। मां ने तुरंत चीख-पुकार मचाई और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि पास की दुकान पर काम कर रहे बच्ची के पिता को भी तत्काल हादसे की सूचना दी गई। परिजन आनन-फानन में मासूम को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुट गए।

यह भी पढ़ें-  हिमाचल के शौर्यन को GOOGLE में मिली नौकरी: सालाना 50 लाख का पैकेज, परिवार में खुशी

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम चुकी थीं सांसें

परिजन बिना समय गंवाए बच्ची को उपचार के लिए भराड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। परिवार को उम्मीद थी कि चिकित्सकों की कोशिशों से मासूम की जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टर ने जांच की तो बच्ची को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के इस फैसले की जानकारी मिलते ही परिवार पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस मासूम को कुछ देर पहले तक घर में खेलते हुए देखा जा रहा था, उसकी अचानक मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की सड़कों पर दौड़ेंगी 350 नई बसें- पुरानी होंगी बेड़े से बाहर, कल लिया जाएगा फैसला

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन की ओर से भराड़ी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसा घर में रखी पानी की बाल्टी में बच्ची के गिरने के कारण हुआ।

यह भी पढ़ें- आजादी के बाद भी सड़क से दूर हैं हिमाचल के ये गांव : देह पहुंचाना भी कठिन, हजारों लोग परेशान

एक पल की लापरवाही ने छीन ली मासूम की जिंदगी

यह हादसा बेहद दुखद होने के साथ-साथ छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। डेढ़ साल की बच्ची के लिए पानी से भरी बाल्टी भी जानलेवा साबित हो सकती है। हादसे के बाद परिवार गहरे सदमे में है और भराड़ी क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर शोक का माहौल है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख