#राजनीति
February 21, 2025
जयराम-बिंदल को दिल्ली से आया बुलावा, कौन बनेगा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष ! मची हलचल
भाजपा हाईकमान ने जयराम ठाकुर को अध्यक्ष बनाया, तो अगला सीएम कौन ?
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों को नए प्रदेश अध्यक्ष मिलने हैं। दिल्ली चुनाव खत्म होने के बाद अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष पद की लालसा रखने वाले नेताओं ने भी अपने अपने तार भिड़ाना शुरू कर दिए हैं। इस सब के बीच अब नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सीएम जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल को पार्टी हाईकमान ने दिल्ली बुला लिया है।
दरअसल दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ने रेखा गुप्ता को सीएम बनाने के बाद अब हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस सब के बीच जयराम ठाकुर और राजीब बिंदल को दिल्ली से बुलावा आया है। दोनों ही नेता आज या कल दिल्ली जाएंगे। दोनों नेताओं के दिल्ली बुलाए जाने से प्रदेश की सियासत में काफी गरमाहट आ गई है।
सूत्रों की मानें तो भाजपा हाईकमान दोनों नेताओं से प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चर्चा कर सकती है। ऐसा भी माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के दिल्ली दौरे के बाद कभी भी भाजपा को प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। राजनीतिक सूत्रधार बताते हैं कि जयराम ठाकुर को भी प्रदेश अध्यक्ष के विकल्प में देखा जा रहा है। अगर ऐसा होता है तो एक और नया सवाल उठेगा, कि अगला सीएम कौन होगा।
बता दें कि पूर्व सीएम जयराम ठाकुर इससे पहले भी प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभाल चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि जयराम ठाकुर को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंपी जा सकती है। हालांकि अब तक आगामी चुनावों में जयराम ठाकुर को ही सीएम चेहरा माना जा रहा था, लेकिन अगर जयराम ठाकुर प्रदेश अध्यक्ष बनते हैं तो यह तय है कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा का सीएम चेहरा कोई और हो सकता है।
इसी तरह से भाजपा हाईकमान डॉ राजीब बिंदल के कार्यकाल को भी बढ़ा सकती है। डॉ राजीब बिंदल की जमीनी स्तर पर काफी मजबूत पकड़ है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि डॉ राजीव बिंदल को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष की कमान मिल सकती है। हालांकि भाजपा के पास ड ॉ राजीव भारद्वाज, इंदु गोस्वामी, विपिन सिंह परमार, बिक्रम सिंह और सतपाल सिंह सत्ती के रूप में कई अन्य विकल्प भी हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: नाइट अलाउंस, डीए और एरियर की मांग को लेकर HRTC कर्मियों का हल्ला बोल
वहीं राजनीतिक जानकारों की मानें तो अगर भाजपा ने जिस तरह से दिल्ली में सीएम का चयन किया, अगर वैसी ही प्रक्रिया हिमाचल में भी अपनाई तो हो सकता है कि भाजपा हिमाचल में नया चेहरा उतारे या फिर पहली बार हिमाचल भाजपा को महिला प्रदेश अध्यक्ष मिले। खैर पार्टी हाइकमान ने अध्यक्ष पद के चयन का जिम्मा केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह को सौंपा है।
यह भी पढ़ें : प्रतिभा सिंह ने फिर साधा सुक्खू सरकार पर निशाना, बोलीं- कार्यकर्ताओं को अनदेखा न करें
वह एक बार शिमला आ भी चुके हैं। अब उनके दूसरे दौरे में सीधे प्रदेश अध्यक्ष पद की घोषणा होने की संभावना है। या यह भी माना जा रहा है कि सीधे दिल्ली से ही किसी एक नाम पर मुहर लग सकती है। अब तक प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया सभी 171 मंडलों और 17 संगठनात्मक जिला अध्यक्षों का चयन करके पूर्ण कर ली गई है। अब सिर्फ हिमाचल भाजपा को प्रदेश अध्यक्ष पद का इंतजार है।