#राजनीति
June 30, 2025
हिमाचल आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सियासी गलियारों में बढ गई हलचल
100 साल के हुए जेपी नड्डा के पिता, 3 जुलाई को होगा भव्य आयोजन
शेयर करें:
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 2 जुलाई को तीन दिवसीय प्रवास पर अपने गृह जिला बिलासपुर आ रहे हैं। यह दौरा हालांकि पारिवारिक आयोजन को केंद्र में रखकर हो रहा है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने भी बड़े स्तर पर निकाले जा रहे हैं। नड्डा इस दौरान जहां अपने पिता डॉ. नारायण लाल नड्डा के शतायु जन्मोत्सव में शिरकत करेंगेए वहीं भाजपा के कार्यकर्ताओं से भी संवाद करेंगे और केंद्र प्रायोजित परियोजनाओं की समीक्षा के बहाने राज्य की सियासी गतिविधियों की भी नब्ज टटोलेंगे।
नड्डा 2 जुलाई की सुबह साढ़े नौ बजे बिलासपुर के परिधि गृह पहुंचेंगे, जहां भाजपा कार्यकर्ता व नेता उनका गर्मजोशी से स्वागत करेंगे। इसके बाद वे सर्किट हाउस में कुछ समय रुकेंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। 3 जुलाई को विजयपुर स्थित नड्डा निवास में उनके पिता डॉ. नारायण लाल नड्डा के 100वें जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह आयोजन पूरी तरह से धार्मिक और पारिवारिक रंग में रंगा होगा, जिसमें दिल्ली के राष्ट्र मंदिर के प्रसिद्ध भजन गायक अजय भाई भक्ति संध्या प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर में पारंपरिक कहलूरी धाम का आयोजन होगा, जिसमें प्रदेश भर से गणमान्य लोग एवं भाजपा नेता भाग लेंगे।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य ने भाजपा पर कसा तंज: जब नामांकन ही एक भरना था- तो चुनाव का दिखावा क्यों
हालांकि यह दौरा निजी प्रकृति का है, लेकिन हिमाचल भाजपा में जारी अंदरूनी गतिशीलता के बीच नड्डा की यह यात्रा खास मानी जा रही है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक वे न केवल संगठन के ज़मीनी हालात का जायजा लेंगे बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक स्तर पर कुछ मंत्र भी देंगे। वर्तमान में प्रदेश भाजपा नेतृत्व विपक्ष की भूमिका में है और कांग्रेस की सत्ता से मुकाबले के लिए संगठन को धार देने की ज़रूरत महसूस की जा रही है।
यह भी पढ़ें : एक्टिव मोड में मंत्री विक्रमादित्य, सड़कों पर उतारी मशीनरी; बोले-दो दिन में खोल देंगे सभी बंद सड़कें
नड्डा के दौरे से राज्य भाजपा में नेतृत्व को लेकर जारी अटकलों को भी नई दिशा मिल सकती है। कुछ गुटों में यह भी चर्चा है कि नड्डा प्रदेश के नए अध्यक्ष या चुनाव प्रभारी को लेकर कोई स्पष्ट संकेत दे सकते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या उनके दौरे के बाद संगठनात्मक बदलाव की बुनियाद पड़ती है।
नड्डा बिलासपुर जिले में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। यह राजनीतिक रूप से उस पृष्ठभूमि में अहम है जब कांग्रेस शासित राज्य सरकार केंद्र पर भेदभाव के आरोप लगाती रही है। नड्डा इस दौरे में यह दिखाने का प्रयास करेंगे कि भाजपा ने हिमाचल के विकास को कभी भी दलगत राजनीति की भेंट नहीं चढ़ाया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल भाजपा को मिल गया नया सरदार, अध्यक्ष पद को आया सिंगल नामांकन;, कल होगी घोषणा
भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर ने बताया कि नड्डा के स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। ष्उनकी मौजूदगी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगी। यह दौरा सिर्फ एक पारिवारिक आयोजन नहीं बल्कि पार्टी के लिए एक प्रेरणा देने वाला अवसर भी होगा।
जेपी नड्डा का यह दौरा उस वक्त हो रहा है जब हिमाचल में सत्तारूढ़ कांग्रेस कई मोर्चों पर घिरी हुई हैकृचाहे वह बाढ़ राहत हो या आंतरिक गुटबाज़ी। ऐसे में भाजपा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के गृह ज़िले में शक्ति प्रदर्शन के ज़रिए यह संदेश देना चाहती है कि वह मजबूत और संगठित है। यह भी तय माना जा रहा है कि नड्डा का दौरा कार्यकर्ताओं में चुनावी मोड को सक्रिय करेगा और आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों की रणनीति पर विचार का मार्ग प्रशस्त करेगा।