#राजनीति
February 22, 2026
अनुराग बोले: चिंतपूर्णी मंदिर के लिए केंद्र ने दिए 50 करोड़; सुक्खू सरकार खर्च ही नहीं कर पाई
नोएडा में बने बाबा बालकनाथ मंदिर के स्थापना दिवस पर बोले अनुराग ठाकुर
शेयर करें:

ऊना/नोएडा। देवभूमि हिमाचल की आस्था और संस्कृति का संगम उस समय देखने को मिला जब नोएडा में शिव शक्ति सिद्ध श्री बाबा बालकनाथ वेलफेयर सोसाइटी का 17वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने शिरकत की। अनुराग ठाकुर ने जहां एक ओर हिमाचली समाज की सांस्कृतिक चेतना की सराहना की, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर तीखे सवाल भी उठाए।
समारोह में अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर वर्तमान सरकार की उदासीनता चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि चिंतपूर्णी माता मंदिर के लिए केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत 50 करोड़ रुपये की राशि का उपयोग अब तक नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बच्चा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़- 3 अरेस्ट, एक नवजात का रेस्क्यू- पंजाब तक फैला है जाल
उन्होंने कहा कि यदि केंद्र और राज्य मिलकर समन्वित प्रयास करें तो धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई दी जा सकती है। ठाकुर ने दावा किया कि यदि उनकी सरकार होती तो 50 करोड़ केंद्र और 200 करोड़ राज्य से जोड़कर चिंतपूर्णी धाम को और अधिक भव्य एवं सुविधायुक्त बनाया जाता। उन्होंने यह भी कहा कि विकास और विरासत दोनों क्षेत्रों में हिमाचल को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है, क्योंकि धार्मिक पर्यटन प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है।
नोएडा में बने बाबा बालकनाथ जी के भव्य मंदिर को उन्होंने हिमाचलियों की सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश से बाहर गया हर हिमाचली अपनी जड़ों से जुड़ा रहता है और अवसर आने पर देवभूमि के लिए योगदान देने को तत्पर रहता है।
यह भी पढ़ें :हिमाचल : घर में तोड़फोड़ का काम बना काल- खेलते बच्चे पर गिरी ईंट, अस्पताल में तोड़ा दम
कार्यक्रम में स्थानीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने बाबा बालकनाथ जी की आराधना की और उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित किया। इस अवसर पर बाबा बालकनाथ जी के जीवन, कथाओं और उनकी शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही बाबा बालकनाथ जी से संबंधित एक स्मारिका और कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।
अपने संबोधन में अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अपनी सांस्कृतिक धरोहर को नए आत्मविश्वास के साथ पुनर्स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि मंदिरों और तीर्थ स्थलों के पुनर्विकास ने आस्था के साथ.साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सुनसान जगह खड़ी कार में 2 युवतियों संग मिला एक युवक, बड़े गिरोह का हुआ पर्दाफाश
उन्होंने उदाहरण देते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर, महाकाल लोक, राम मंदिर अयोध्या और केदारनाथ मंदिर के पुनर्विकास कार्यों का उल्लेख किया और कहा कि इन परियोजनाओं ने भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाई है।
नोएडा का यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हिमाचली समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बन गया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि हिमाचली जहां भी जाते हैं, अपनी संस्कृति और परंपराओं को साथ लेकर चलते हैं।