#राजनीति
May 31, 2025
अनुराग ठाकुर ने इथियोपिया में बेनकाब किया पाकिस्तान, कहा- भारत अब बातचीत नहीं-कार्रवाई करेगा
इथियोपिया ने आतंकवाद पर भारत के रूख का किया समर्थन
शेयर करें:
हमीरपुर। भारत की आतंकवाद के विरुद्ध सख्त नीति को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से रखने के लिए हिमाचल के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ विदेश दौरे पर हैं। उन्होंने हाल ही में कतर की राजधानी दोहा का दौरा किया और वहां ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद पर भारत की स्पष्ट रणनीती के बारे में बताया। अब अनुराग ठाकुर प्रतिनिधिमंडल के साथ इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में पहुंचे हैं। यहां उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की हालिया सैन्य कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद के विरुद्ध भारत की ज़ीरो टॉलरेंस की नीति से अवगत कराया।
भारत द्वारा हाल ही में की गई सैन्य कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान में मौजूद 9 आतंकी लॉन्चपैड्स को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। यह ऑपरेशन भारत की सीमा पार आतंकवाद पर जवाबी नीति का हिस्सा है और देश की आत्मरक्षा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
अनुराग ठाकुर ने अपने दौरे के दौरान अदीस अबाबा में इथियोपिया के उपप्रधानमंत्री ऐडम फराह, पूर्व प्रधानमंत्री हाइलमारियम देसालेन, अफ्रीकन यूनियन की सुरक्षा परिषद तथा इथियोपियाई संसद के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने इन बैठकों में भारत के रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि आतंकवाद न केवल भारत की बल्कि वैश्विक सुरक्षा की सबसे बड़ी चुनौती है, और इसके खिलाफ समन्वित अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत और इथियोपिया दोनों देशों को आंतरिक और बाहरी आतंकवादी गतिविधियों से खतरा है और यह लड़ाई साझा दृष्टिकोण और वैश्विक एकजुटता से ही संभव है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 2 गायनेकोलॉजिस्ट होने के बाद भी रेफर कर दी गर्भवती, नर्स ने एंबुलेंस में करवा दी डिलीवरी
अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि आतंकवाद पर भारत और इथियोपिया दोनों ही देशों की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। भारत में पाकिस्तान से आए आतंकवादी अमन.शांति को नुक़सान पहुंचाते हैं तो इथियोपिया भी पूर्वी अफ्रीका में आतंकवाद का सामना कर रहा है। दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। भारत और इथियोपिया आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई के लिए पूरी एकजुटता से साथ हैं और आतंकवाद पर भारत के रुख़ का इथियोपिया का पूरा समर्थन है।
अपनी यात्रा के पहले चरण में अनुराग ठाकुर ने दोहा कतर में भारतीय समुदाय और कूटनीतिक प्रतिनिधियों से संवाद किया, जहां उन्होंने बताया कि भारत अब केवल बातचीत की नीति तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कार्रवाई की नीति के तहत आतंक के स्रोतों को खत्म करने में संकोच नहीं करेगा।
ठाकुर ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो देश आतंक को प्रश्रय देते हैं, उन्हें यह समझना होगा कि यह नीति अंततः उन्हीं के विनाश का कारण बनेगी। भारत अब किसी भी धमकी, चाहे वह पारंपरिक हो या परमाणु, से डरने वाला नहीं है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि दुनिया ने पाकिस्तान व उसके आकाओं के बेशर्मी भरे उस चेहरे को भी देखा हैए जिसमें आतंकियों के जनाजे में वहां के नेता व सैन्य अधिकारी भी शामिल हुए।