#राजनीति
November 7, 2025
अनुराग ठाकुर का सीएम सुक्खू को करारा जवाब: बोले- 'हम पांच पांडव हैं'....जो कौरवों पर भारी पड़ेंगे
सीएम सुक्खू के बयान भाजपा पांच गुटों में बंटी पर अनुराग का पलटवार
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने आज शुक्रवार को राष्ट्रगीत "वंदे मातरम्" के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में राष्ट्रगौरव उत्सव का आयोजन किया। राजधानी शिमला में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर तथा सांसद सुरेश कश्यप सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ, जिसने पूरे माहौल को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
इस अवसर पर अपने जोशीले संबोधन में अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है। अनुराग ठाकुर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम पांच गुट नहीं, पांच पांडव हैं... और इतिहास गवाह है कि पांच पांडव हमेशा कौरवों पर भारी पड़े थे। आने वाले समय में भी यही इतिहास दोहराया जाएगा। उनके इस बयान पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : 11 साल के किशोर ने बंद कमरे में छोड़ दी दुनिया, आखिर क्या रहे होंगे कारण ?
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा एकजुट है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रहित सर्वोपरि रखकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल के विकास के लिए अभूतपूर्व सहयोग दिया है। चाहे बात आपदा राहत की हो, बुनियादी ढांचे के निर्माण की या पर्यटन को प्रोत्साहन देने की। केंद्र सरकार ने लगभग 93 हजार मकानों के पुनर्निर्माण के लिए मदद दी और हजारों करोड़ रुपये सड़कों और आधारभूत ढांचे के विकास पर खर्च किए।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार इस सहायता राशि को प्रभावी ढंग से खर्च करने में विफल रही, लेकिन केंद्र की ओर से सहयोग में कोई कमी नहीं छोड़ी गई। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने हिमाचल को जो दिया, उसके लिए प्रदेश सरकार का धन्यवाद तो दूर, उल्लेख तक नहीं किया गया। यह कांग्रेस की छोटी सोच और अहंकार का प्रमाण है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में तंबाकू बैन : बेचने वाले दुकानदारों को 5 साल तक रहना पड़ेगा सलाखों के पीछे
अनुराग ठाकुर ने बिहार विधानसभा चुनावों को लेकर एनडीए की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन की सरकार” ने बिहार में विकास को नई दिशा दी है और जनता अब इस रफ्तार को रुकने नहीं देगी। ठाकुर ने कहा कि बिहार की जनता जानती है कि राज्य की प्रगति केवल एनडीए के नेतृत्व में ही संभव है, इसलिए फिर से एनडीए की सरकार बनेगी।
राष्ट्रगीत "वंदे मातरम्" के महत्व पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में इस गीत ने जोश और बलिदान की भावना को जन्म दिया, वही भावना आज भी देश की एकता और अखंडता को सशक्त करती है। उन्होंने सुझाव दिया कि "वंदे मातरम्" को देशभर के स्कूलों की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो सके।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ और तुष्टीकरण की नीति के चलते कभी "वंदे मातरम्" को पूर्ण रूप से अपनाने नहीं दिया। उन्होंने 1937 में कांग्रेस कार्यसमिति के उस निर्णय का उल्लेख किया, जिसमें मूल रूप से पांच छंदों वाले इस गीत के केवल पहले दो छंदों को ही गाने की अनुमति दी गई थी।