#राजनीति

October 14, 2025

सोनिया-प्रियंका के बाद अब राहुल गांधी भी पहुंचे शिमला, सीएम सुक्खू-विक्रमादित्य सिंह ने किया स्वागत

सीएम सुक्खू विक्रमादित्य सिंह ने किया राहुल गांधी का स्वागत

शेयर करें:

Rahul gandhi

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला इन दिनों कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं की स्वागत स्थली बनी हुई है। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के बाद अब कांग्रेस के नेता और  लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी आज मंगलवार दोपहर शिमला पहुंच गए हैं। उनका काफिला संजौली से दोपहर 1 बजकर 55 मिनट पर छराबड़ा के लिए रवाना हुआ। राहुल गांधी चंडीगढ़ से हेलिकॉप्टर द्वारा शिमला के अन्नाडेल हेलीपैड पहुंचे, जहां हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

आज दोपहर शिमला पहुंचे राहुल गांधी

राहुल गांधी आज मंगलवार सुबह हरियाणा में आत्महत्या करने वाले आईपीएस अधिकारी के परिजनों से मिलने चंडीगढ़ पहुंचे थे। वहां से दोपहर बाद उन्होंने शिमला का रुख किया। अन्नाडेल में उतरने के बाद सीएम सुक्खू और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने उनका स्वागत किया।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बेरोजगारों को दिवाली गिफ्ट, 6 हजार को मिलेगी नौकरी- जानें

रॉबर्ट वाड्रा की भी शिमला पहुंचने की उम्मीद

राहुल गांधी के आगमन के साथ ही हिमाचल की राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। उनके पहुंचते ही वे सीधे सड़क मार्ग से छराबड़ा के लिए रवाना हो गए, जहां सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा बीते तीन दिनों से ठहरी हुई हैं। सूत्रों के अनुसार प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा के भी आज शाम तक शिमला पहुंचने की संभावना है। माना जा रहा है कि गांधी परिवार इस बार दिवाली पर्व छराबड़ा में ही मना सकता है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस को चकमा देकर भागा नशा तस्कर, डेढ़ साल से बदल रहा था ठिकाने- हुआ अरेस्ट

वीरभद्र प्रतिमा अनावरण में नहीं पहुंच पाए राहुल गांधी 

गौरतलब है कि सोमवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया था। इस अवसर पर सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। राहुल गांधी भी इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे, लेकिन बिहार चुनावों में व्यस्तता के चलते वह नहीं पहुंच सके थे। प्रतिमा अनावरण समारोह के एक दिन बाद अब राहुल गांधी शिमला पहुंचे हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्कूल में हुआ था भतीजी का बेटे के साथ झगड़ा, चाचा ने किया मुंह काला- अब मिली ये सजा

छराबड़ा में एकत्रित हुआ गांधी परिवार

प्रियंका गांधी वाड्रा का छराबड़ा स्थित आवास गांधी परिवार के लिए निजी ठिकाना बन चुका है। यह घर पारंपरिक पहाड़ी शैली में बना हुआ है और शिमला से लगभग 13 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। प्रियंका गांधी यहां साल में कई बार आती रही हैं और अक्सर राहुल गांधी, सोनिया गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी उनके साथ रहते हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : तहसलीदार विवाद मामले में 7 गिरफ्तार, अब DSP रैंक का अधिकारी करेगा आगे की जांच

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राहुल गांधी का यह दौरा भले ही पारिवारिक बताया जा रहा हैए लेकिन इसे हिमाचल कांग्रेस की गतिविधियों और आने वाले चुनावी समीकरणों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, दिवाली के मौके पर गांधी परिवार का शिमला में एकजुट होना यहां के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में खासा चर्चा का विषय बना हुआ है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख