#राजनीति

August 4, 2026

अंदर एक साथ ली चाय की चुस्की... बाहर आते ही सीएम सुक्खू -जयराम के बीच शुरू हुई जुबानी जंग

सुक्खू बोले- भाजपा के हारेंगे 16 MLA, जयराम का तंज भविष्यवक्ता बन गए हैं सीएम

शेयर करें:

Himachal Politics

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में मंगलवार को एक बेहद दिलचस्प तस्वीर देखने को मिली। विधानसभा परिसर के भीतर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एक ही टेबल पर बैठकर मुस्कुराते हुए चाय की चुस्कियां लेते नजर आए। अंदर का मंजर ऐसा कि मानो बरसों पुराने दोस्त साथ बैठे हों—एक ही टेबल, चेहरे पर मुस्कान और चाय का दौर।

 

मगर इस 'चाय पे चर्चा' की गर्माहट अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि बाहर आते ही सीएम सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने एक-दूसरे पर बयानों के ऐसे तीर चलाए कि पूरा सियासी माहौल एक बार फिर गरमा गया। कुछ ही मिनटों में दोस्ताना माहौल तीखी राजनीतिक बयानबाजी में बदल गया

चाय पर मुस्कान, बाहर बयानों के बाण

दरअसल हिमाचल प्रदेश के निर्माता और प्रथम मुख्यमंत्री डा. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेता एक साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी एक टेबल पर बैठकर बातचीत करते और चाय की चुस्कियां लेते दिखाई दिए। हालांकि यह राजनीतिक सौहार्द ज्यादा देर तक नहीं टिक सका। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा।

 

यह भी पढ़ें : भाजपा नेता का सीएम सुक्खू से सवाल... टैंडर 36 करोड़ का तो पेमेंट 100 करोड़ की कैसे हुई

सीएम सुक्खू का बड़ा राजनीतिक दावा

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दावा किया कि प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव आने वाला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कई मौजूदा विधायक अगले विधानसभा चुनाव में अपनी सीट नहीं बचा पाएंगे। मुख्यमंत्री का कहना था कि प्रदेश में बदलते राजनीतिक माहौल और जनता के रुझान का लाभ कांग्रेस को मिलेगा।

 

भाजपा के 16 विधायक हारेंगे अगला चुनाव 

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है। उन्होंने अन्य राज्यों के हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों का भी उल्लेख करते हुए दावा किया कि आगामी चुनावों में कांग्रेस मजबूत स्थिति में रहेगी। सीएम सुक्खू ने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा के 16 विधायक विधानसभा की दहलीज पार नहीं कर पाएंगे। वह अपनी सीट नहीं बचा पाएंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल को मोदी सरकार की सौगात: 3 हजार करोड़ की मदद मंजूर; चेतावनी के साथ पहली किस्त जारी

जयराम ठाकुर का पलटवार

मुख्यमंत्री के बयान पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भविष्यवाणी करने में अधिक व्यस्त हैं, जबकि उन्हें सरकार के कामकाज पर ध्यान देना चाहिए। जयराम ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के दावों को अब उनकी अपनी पार्टी के लोग भी गंभीरता से नहीं लेते।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रातभर परिवार करता रहा इंतजार, सुबह खाई में मिली कार; अंदर पड़ी थी पटवारी की देह

सरकार के कामकाज पर भी उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने में ज्यादा व्यस्त है, जबकि जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे अब भी समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास को लेकर सरकार को राजनीतिक बयानबाजी से ऊपर उठकर काम करना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के वीर सपूत सुनील को मिली बड़ी जिम्मेदारी, भारतीय तटरक्षक बल में बने उप महानिदेशक

प्रदेश की राजनीति में फिर तेज हुआ सियासी पारा

दोनों नेताओं के बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जैसे-जैसे चुनावी माहौल नजदीक आएगा, प्रदेश में इस तरह की बयानबाजी और अधिक तेज होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस के ईमानदार सिपाही- अपराधियों पर कसते रहे शिकंजा, महकमे ने अवॉर्ड से नवाजा

सौहार्द की तस्वीर और सियासी तल्खी का संदेश

मंगलवार का दिन हिमाचल की राजनीति में एक दिलचस्प तस्वीर छोड़ गया। एक ओर मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष एक साथ बैठकर सौहार्द का संदेश देते दिखाई दिए, वहीं कुछ ही मिनटों बाद दोनों के बीच शब्दों के तीखे वार शुरू हो गए। यही राजनीति की वह तस्वीर है, जहां मंच पर मुस्कान और मंच से बाहर सियासी संघर्ष एक साथ चलता दिखाई देता है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख