#राजनीति
August 4, 2026
भाजपा नेता का सीएम सुक्खू से सवाल... टैंडर 36 करोड़ का तो पेमेंट 100 करोड़ की कैसे हुई
इटली में हो रहे निवेश को लेकर भी सुक्खू सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में नेताओं पर विजिलेंस की कार्रवाई और जांच के बाद राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी बीच प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए राजनीतिक बहस को नया मोड़ दे दिया है। हमीरपुर बस स्टैंड के निर्माण से लेकर इटली में कथित निवेश तक, राणा ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरा और पारदर्शिता की मांग की।
राजेंद्र राणा ने दावा किया कि हमीरपुर बस स्टैंड का टेंडर लगभग 36 करोड़ रुपये का था, लेकिन परियोजना पर करीब 100 करोड़ रुपये का भुगतान कैसे हुआ, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि अतिरिक्त राशि किस आधार पर खर्च की गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल को मोदी सरकार की सौगात: 3 हजार करोड़ की मदद मंजूर; चेतावनी के साथ पहली किस्त जारी
भाजपा नेता ने जोल सप्पड़ में बन रहे मेडिकल कॉलेज को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कॉलेज के प्रिंसिपल को लगातार सेवा विस्तार क्यों दिया जा रहा है और पीजी ब्लॉक का निर्माण किस एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण सामग्री और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता की भी मांग की।
राजेंद्र राणा ने इटली में कथित तौर पर हो रहे निवेश का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस विषय पर सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए और यदि आवश्यकता हो तो पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए, ताकि सभी तथ्यों से जनता को अवगत कराया जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के वीर सपूत सुनील को मिली बड़ी जिम्मेदारी, भारतीय तटरक्षक बल में बने उप महानिदेशक
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि सत्ता से जुड़े कुछ लोग अपनी राजनीतिक पहुंच का लाभ उठा रहे हैं और सरकार को इन आरोपों पर जवाब देना चाहिए।
राणा ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में पुलिस और विजिलेंस का उपयोग राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। उनके अनुसार भाजपा नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जांच एजेंसियों का निष्पक्ष होना बेहद जरूरी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रातभर परिवार करता रहा इंतजार, सुबह खाई में मिली कार; अंदर पड़ी थी पटवारी की देह
कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटियों पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने सहित कई बड़े वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता सरकार से इन वादों का हिसाब मांगेगी।
अपने विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर का मुद्दा उठाते हुए राजेंद्र राणा ने कहा कि नाबार्ड के तहत बनी भेरड़ा-साणुया दी धाती सड़क एक वर्ष के भीतर ही उखड़ गई। उन्होंने सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं की विजिलेंस जांच करवाने की मांग करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।