#राजनीति
February 10, 2025
दिल्ली चुनाव खत्म, अब हिमाचल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद की लॉबिंग शुरू, बढ़ रहे नाम
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए जयराम ठाकुर के बाद अनुराग ठाकुर के नाम पर भी चर्चा
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में भाजपा को अब जल्द ही अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है। हिमाचल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के चयन की प्रक्रिया दिल्ली विधानसभा चुनाव के चलते टाल दी गई थी। लेकिन दिल्ली जीतने के बाद अब पार्टी हाइकमान जल्द ही हिमाचल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पर कोई अंतिम निर्णय लेगी। दिल्ली चुनाव खत्म होने के बाद अब हिमाचल में नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई हैं।
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की यह दौड़ अब और भी दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुकी है। पार्टी कार्यकर्ता और नेता बेसब्री से शीर्ष नेतृत्व के फैसले का इंतजार कर रहे हैं आने वाले कुछ दिनों में भाजपा की ओर से आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है, जिससे प्रदेश की सियासत में एक नया अध्याय जुड़ सकता है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में आधा दर्जन से अधिक नेता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं। यह लिस्ट लगातार बढ़ रही है। इसमें सांसदों से लेकर विधायकों तक के नाम शामिल हैं। हर कोई नेता अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटा हुआ है। या यूं कहें कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए इस समय जबरदस्त लाबिंग चल रही है। हालांकि किस नेता को हिमाचल भाजपा की बागडोर मिलती है, यह पार्टी हाइकमान को तय करना है।
सूत्रों की मानें तो पार्टी हाईकमान प्रदेश अध्यक्ष पद के चयन के लिए जातीय, क्षेत्रीय और सांगठनिक समीकरणों को प्राथमिकता देने की रणनीति बना रही है। हिमाचल में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भी पार्टी हाइकमान ऐसे नेता को हिमाचल का नेतृत्व सौंपना चाहती है, जो ना सिर्फ पार्टी को मजबूत करे, बल्कि आने वाले चुनावों में पार्टी को बड़ी जीत भी दिला सके।
हिमाचल प्रदेश में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आधा दर्जन से भी अधिक नेताओं के नाम पर चर्चा हो रही है। जिसमें सबसे पहला नाम मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, अनुसूचित जाति समुदाय से आने वाले डॉ. सिकंदर, राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी, लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज, त्रिलोक जम्वाल, विक्रम ठाकुर, सतपाल सत्ती और विपिन परमार का नाम शामिल है।
पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का नाम भी हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल माना जा रहा है। पिछले दिनों जयराम ठाकुर दिल्ली भी पहुंचे और वहां पर उनकी पीएम मोदी सहित अन्य केंद्रीय नेताओं से मुलाकात हुई थी। हालांकि जयराम ठाकुर ने अपने दिल्ली दौरे को लेकर कोई खुलासा नहीं किया था, लेकिन माना जा रहा है कि उनके नाम पर भी मुहर लग सकती है।
यह भी पढ़ें : फिर से बिगड़ गई CM सुक्खू की तबीयत: सारी मीटिंग्स हुईं कैंसिल- जानें अपडेट
माना जा रहा है कि पार्टी हाईकमान प्रदेश अध्यक्ष के चयन में जातीय, क्षेत्रीय और सांगठनिक समीकरणों को ध्यान में रखेगी। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि अगर पार्टी हाईकमान किसी भी नाम पर सहमति नहीं बना पाई तो मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल को ही दोबारा यही जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
वहीं अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखने वाले डॉ. सिकंदर का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है। डॉ. सिकंदर को भाजपा नेतृत्व दलित वोट बैंक साधने के लिए अहम जिम्मेदारी सौंप सकता है। इसी तरह से सत्ता की चाबी कहे जाने वाले कांगड़ा को अगर नेतृत्व सौंपा जाता है तो यहां से राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी के नाम पर सहमति बन सकती है। उनके अलावा लोकसभा सांसद राजीव भारद्वाज भी इस दौड़ में मजबूत दावेदार के रूप में सामने आए हैं।
कांगड़ा से ही दो अन्य नेताओं के नाम भी पार्टी हाईकमान को चर्चा करने पर मजबूर कर रहे हैं। जिसमें विक्रम ठाकुर और विपिन परमार का नाम शामिल है। इसके अलावा सतपाल सत्ती भी एक तेज तर्रार नेता माने जाते हैं। ऐसे में उन्हें भी पार्टी हाईकमान प्रदेश का नेतृत्व सौंप सकती है।
इस सब के बीच एक चेहरा बिलासपुर से भी प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में शामिल हुआ है। बिलासपुर से पहली बार विधायक बने त्रिलोक जम्वाल का नाम भी इस रेस में शामिल माना जा रहा है। त्रिलोक जम्वाल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के काफी करीबी हैं। वहंी राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि आगामी विधानसभा चुनावों में जेपी नड्डा अपने बेटे को बिलासपुर से चुनावी दंगल में उतार सकते हैं। ऐसे में त्रिलोक जम्वाल को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के लैंड सीलिंग बिल को राष्ट्रपति की मंजूरी, बेटियों को मिलेगा भूमि हक
वहीं दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने में अहम भूमिका निभाने वाले हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर का नाम भी अब हिमाचल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में माना जा रहा है। अनुराग ठाकुर एक प्रभावी नेतृत्व देने की क्षमता रखते हैं। वहीं वह मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री पद का जिम्मा भी संभाल चुके हैं। हालांकि उनके नाम पर सहमति बन पाना मुश्किल माना जा रहा है।