#विविध
October 4, 2025
हिमाचल में भारी बारिश-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी, 5 जिलों पर फिर मंडराया खतरा
पहाड़ों पर गिरेगी बर्फ, पर्यटक सीजन पर पड़ेगा असर
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से धुप खिलने के बाद अब एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने आज से अगले चार दिन तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय रहने की चेतावनी जारी की है। इसका असर प्रदेश के कई जिलों पर पड़ेगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मैदानी क्षेत्रों में भारी बारिश होगी, वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना है। जिससे तापमान में भी गिरावट आएगी।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन भारी बारिश के साथ-साथ आंधी और तूफान की संभावना भी जताई है। विशेष रूप से 6 अक्टूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि शिमला और सिरमौर में यलो अलर्ट जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ट्रक में तीन लोगों ने पी शराब, फिर एक का रस्सी से घों*ट दिया गला, झाड़ियों में फेंकी देह
मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों के लिए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाले तूफान को लेकर भी चेतावनी दी है। 7 अक्टूबर को कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में एक.दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। अधिकारियों ने ग्रामीणों और पर्यटकों से सतर्क रहने और नदी-नालों के पास न जाने की सलाह दी है।
मौसम विभाग की मानें तो इस दौरान किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचे पहाड़ी हिस्सों में ताजा हिमपात होने की संभावना है। 5 अक्टूबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में एक-दो स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को भी लाहौल घाटी की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। शिंकुला दर्रे में करीब साढ़े सात सेंटीमीटर ताजा बर्फ गिरी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पहली बार तय होंगे फ्लड जोन, यहां निर्माण किया तो नहीं मिलेगी आपदा राहत
प्रदेश के अधिकांश शहरों में वर्तमान में तापमान सामान्य से कुछ अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार कल से तापमान में गिरावट शुरू होगी। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान वर्तमान में सामान्य से लगभग 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है।
बता दें कि हिमाचल में पिछले तीन माह तक प्रदेश में बारिश ने जमकर तबाही मचाई थी। अब मौसम खुलने से प्रदेश में एक बार फिर पर्यटक सीजन ने रफ्तार पकड़नी शुरू की थी। लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी से पर्यटन सीजन पर भी असर पड़ सकता है। वहीं दूसरी तरफ मैदानी क्षेत्रों में जहां किसानों की धान की फसल पक कर तैयार हो गई है, उसे भी भारी बारिश से नुकसान हो सकता है।