#अपराध
October 3, 2025
हिमाचल : 19 वर्षीय विवाहिता ने उठाया गलत कदम, महज 10 दिन पहले बनी थी मां- सदमे में पति
बाजार सामान लेने गया था पति
शेयर करें:
सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर एक 19 साल की विवाहिता ने फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। हैरान करने वाली बात यह है कि महिला ने 10 दिन पहले ही एक नवजात शिशु को जन्म दिया था।
महिला की मौत के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। दस दिन के मासूम की आंखें मां को ढूंढ रही हैं। महिला की मौत के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय तृष्णा अपने पति के साथ उपमंडल राजगढ़ के नगर पंचायत वार्ड नंबर-4 में कुछ समय से किराए के मकान में रह रही थी। अभी दस दिन पहले ही उसने एक शिशु को जन्म दिया था।
बताया जा रहा है कि बीते कल तृष्णा का पति कुछ सामान लेने के लिए बाजार गया हुआ था। बाजार से उसने पत्नी को कई बार फोन किया, लेकिन उसे सामने से कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे में वो खुद बाजार से घर लौटा।
इस दौरान उसने देखा कि उसके घर के बाहर कई लोग खड़े थे। घर के अंदर से मासूम बच्चे की जोर-जोर से रोने की आवाज आ रही थी। घर का दरवाजा खोलते ही लोगों के होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि तृष्णा फंदे से लटकी हुई थी। जबकि, उसका दस दिन का मासूम बच्चा बिस्तर पर रो रहा था।
इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर मौजूद महिलाओं ने मासूम को उठाकर गोद में लिया। इसी बीच पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तृष्णा के शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में ले लिया और पोस्टामार्टम के लिए भेज दिया।
शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। महिला नेपाली मूल की बताई जा रही है। पुलिस टीम ने महिला के पति और घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
महिला की मौत को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। लोग मासूम नवजात का सोच कर परेशान हैं कि आखिर ऐसा क्या परेशानी थी कि तृष्णा ने मासूम का भी नहीं सोचा और ऐसा खौफनाक कदम उठा मासूम से मां की ममता छीन ली।