#विविध
August 6, 2026
शराब और सोशल मीडिया प्यार पड़ा भारी! हिमाचल पुलिस के 3 कर्मचारी सस्पेंड; बैठाई जांच
सोशल मीडिया पर राजनीतिक पोस्ट और ड्यूटी के दौरान शराब बनी निलंबन की वजह
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस के तीन कर्मचारियों को शराब और सोशल मीडिया प्यार भारी पड़ गया है। विभाग ने अनुशासनहीनता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए तीनों पुलिस कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। तीनों पुलिस कर्मचारियों को तुंरत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया और उन पर विभागीय जांच भी बैठा दी है। जिन तीन पुलिस कर्मचारियों पर यह कार्रवाई हुई है इनमें एक सब-इंस्पेक्टर (SI) चिंतामणी, कांस्टेबल राजेश और अनूप शामिल हैं। एक पुलिस कर्मी पर सोशल मीडिया पर राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी पोस्ट साझा करने का आरोप हैए जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों पर ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करने पर यह कार्रवाई की गई है।
शिमला पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि वर्दी की गरिमा से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस विभाग के अनुसार, अनुशासनहीनता और सेवा नियमों के उल्लंघन के मामलों में किसी भी कर्मचारी को राहत नहीं दी जाएगी। इसी नीति के तहत तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर उनके खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी गई है। शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले नियमानुसार जांच के अधीन हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सुधीर - होशियार के बाद अब विजिलेंस के राडार पर एक और भाजपा नेता, गरमाई सियासत
निलंबित किए गए सब-इंस्पेक्टर पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन करते हुए सोशल मीडिया पर राजनीतिक गतिविधियों से संबंधित एक पोस्ट साझा की। पुलिस सेवा में कार्यरत कर्मचारियों को सार्वजनिक रूप से किसी राजनीतिक गतिविधि का समर्थन या प्रचार करने की अनुमति नहीं होती। प्राथमिक जांच में मामला सामने आने के बाद विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए अधिकारी को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में यहां धंसने लगा पूरा पहाड़, 150 से अधिक घरों में आई दरारें, डर के साये में ग्रामीण
दूसरी कार्रवाई में एक कांस्टेबल और एक हेड कांस्टेबल पर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में होने और शराब का सेवन करने के आरोप लगे हैं। दोनों की जिम्मेदारी कई बार आरोपियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने और अदालत में पेश करने जैसी संवेदनशील ड्यूटी की होती थी। बताया जा रहा है कि इन दोनों के खिलाफ पहले भी इस तरह की शिकायतें मिल चुकी थीं। शिकायतों की पुष्टि होने के बाद पुलिस विभाग ने दोनों को निलंबित कर दिया और सस्पेंशन अवधि के दौरान उनकी तैनाती पुलिस लाइन शिमला में कर दी गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रात को घर लौट रहे थे दो यार, गहरी खाई में समाई कार- 5 बच्चों ने खोए पिता
तीनों मामलों में अब विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान आरोपों की विस्तृत पड़ताल की जाएगी और उसके आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय होगी। फिलहाल यह प्रशासनिक कार्रवाई है और अंतिम निर्णय जांच पूरी होने के बाद लिया जाएगा।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग अनुशासन बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम मान रहा है। अधिकारियों का कहना है कि वर्दी पहनने वाले हर कर्मचारी से निष्पक्षता, संयम और सेवा नियमों का पालन करने की अपेक्षा की जाती है। यदि कोई कर्मचारी सोशल मीडिया पर सेवा नियमों का उल्लंघन करता है या ड्यूटी के दौरान नशे जैसी गंभीर लापरवाही करता है, तो उसके खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। हिमाचल पुलिस का मानना है कि अनुशासित बल की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई आवश्यक है, ताकि जनता का भरोसा पुलिस व्यवस्था पर कायम रहे।