#विविध
September 20, 2026
हिमाचल : 9 दिन बाद मिला लापता युवक, ब्यास नदी के पार फंसा था- पुलिस ने रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला
युवक जिस स्थान पर फंसा था, वहां पहुंचना आसान नहीं था
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में नौ दिन से लापता चल रहे 24 वर्षीय युवक को आखिरकार पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया। युवक औट कस्बे के सामने ब्यास नदी के दूसरे किनारे दुर्गम जंगल में मिला, जहां वह पिछले करीब तीन दिनों से फंसा हुआ था। सूचना मिलने के बाद सैंज पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी पार कर रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
युवक की पहचान थरवन कुमार उर्फ दिशू पुत्र देवी राम, निवासी गांव नग्गर छनारटी, तहसील नग्गर, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया है।
19 सितंबर को पुलिस थाना सैंज को सूचना मिली कि लारजी-औट पुरानी सड़क पर औट पुल के पास स्थित माता मंदिर से करीब आधा किलोमीटर ऊपर जंगल में ब्यास नदी के किनारे एक युवक अकेला घूम रहा है।
सूचना मिलते ही सैंज पुलिस की टीम स्थानीय निवासी राहुल और कमल नैन को साथ लेकर मौके के लिए रवाना हुई। नदी के दूसरी तरफ दुर्गम पहाड़ी और घने जंगल के बीच युवक की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद उसे वहां से निकालने की तैयारी शुरू की गई।
युवक जिस स्थान पर फंसा था, वहां पहुंचना आसान नहीं था। ब्यास नदी के दूसरी ओर दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचने के लिए पुलिस टीम को स्थानीय लोगों की मदद लेनी पड़ी। पुलिस और स्थानीय निवासियों ने मिलकर जोखिम उठाते हुए नदी पार की और युवक तक पहुंचे। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से नदी के इस पार लाया गया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

पूछताछ में युवक की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि थरवन कुमार पिछले नौ दिनों से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी।
नौ दिन तक युवक कहां रहा और आखिर ब्यास नदी के दूसरे किनारे इस दुर्गम इलाके तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर कई सवाल बने हुए हैं। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवक को उसके परिजनों को सौंप दिया।
युवक के मुताबिक वह करीब तीन दिनों से ब्यास नदी के उस पार फंसा हुआ था। हालांकि वह वहां किन परिस्थितियों में पहुंचा और इतने दुर्गम इलाके में तीन दिन कैसे बिताए, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए युवक और उसके परिजनों से जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक लापता होने के बाद किन परिस्थितियों में इस जंगल और नदी के किनारे तक पहुंचा।