#विविध
May 31, 2026
जिला परिषद रिजल्ट- BJP ने खोला अपना खाता, लाहौल-स्पीति की थूकतन ने 254 मतों से जीता चुनाव
जिला परिषद में भाजपा समर्थित उम्मीदवार ने खोला खाता
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनावों के परिणामों के बाद अब जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की तस्वीर भी साफ होने लगी है। प्रदेश के 12 जिलों में 251 जिला परिषद और 1769 पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए हुए चुनावों की मतगणना जारी है। शुरुआती परिणामों ने गांव की राजनीति में भी मुकाबले की गर्मी बढ़ा दी है।
जिला परिषद चुनाव भले ही राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्न पर नहीं लड़े जाते, लेकिन इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने समर्थित उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। यही वजह है कि पंचायत स्तर के इन चुनावों पर भी राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।
जिला परिषद चुनाव का पहला परिणाम लाहौल-स्पीति जिले से सामने आया है। लोसर वार्ड से भाजपा समर्थित उम्मीदवार थूगतन डोलमा ने जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ जिला परिषद चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने अपना खाता खोल दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पहाड़ी और जनजातीय क्षेत्रों में आए शुरुआती नतीजे आगे के चुनावी रुझानों की दिशा तय कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : समारोह में जा रहे परिवार पर टूट पड़े रंगड़, बुरी तरह किया घायल; मां-बेटे समेत तीन गंभीर
लोसर वार्ड से थूकतन डोल्मा ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 254 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। जिला परिषद चुनाव का यह पहला बड़ा परिणाम भी रहा, जिसने पंचायत चुनावों के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है।
भाजपा समर्थकों का कहना है कि यह जीत आने वाले समय में क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति देने का काम करेगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: वोट डाल लौटी 90 वर्षीय दादी की थमी सांसें, शाम को पोता बन गया प्रधान; नहीं मना पाई जीत की खुशी
वहीं कांगड़ा जिले के शाहपुर विकास खंड के बीडीसी वार्ड नंबर-11 बसनूर से भी परिणाम घोषित हो गया है। यहां नीता देवी ने शानदार जीत दर्ज की है।
मतगणना में नीता देवी को कुल 1135 मत प्राप्त हुए। उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी पवन कुमारी को 772 वोट मिले, जबकि उषा देवी को 638 मत प्राप्त हुए। इस तरह नीता देवी ने 363 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की।
इस बार पंचायत चुनावों में राजनीतिक दलों की बढ़ती दिलचस्पी के कारण मुकाबला पहले के मुकाबले अधिक रोचक माना जा रहा है। कई जिला परिषद और पंचायत समिति सीटों पर भाजपा और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला है।
मतगणना अभी जारी है और आने वाले घंटों में प्रदेशभर से कई और महत्वपूर्ण परिणाम सामने आने की संभावना है। राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और उम्मीदवार लगातार मतगणना केंद्रों पर नजर बनाए हुए हैं।