#विविध
January 6, 2026
खत्म हुए पुराने गिले-शिकवे... जयराम को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे मंत्री जगत नेगी
सदन में मंत्री के संबोधन का कई बार किया बहिष्कार
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से जारी कड़वाहट के बीच मंगलवार को एक अप्रत्याशित दृश्य देखने को मिला। प्रदेश सरकार में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के जन्मदिन पर उनके आवास पहुंचे और उन्हें बधाई दी। दोनों नेताओं की यह मुलाकात इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि हाल के महीनों में उनके बीच राजनीतिक टकराव चरम पर रहा है।
कांग्रेस सरकार के गठन के बाद से ही मंत्री जगत सिंह नेगी और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला चलता रहा। विधानसभा के भीतर और बाहर दोनों नेताओं के बीच विवाद लगातार गहराता गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के कर्मचारियों ने मोदी सरकार से मांगे अपने 12 हजार करोड़ रुपए, सीएम सुक्खू से भी की ये मांग
हालात ऐसे बने कि विपक्ष ने विधानसभा सत्र के दौरान राजस्व मंत्री के संबोधन का कई बार बहिष्कार किया। नेगी की टिप्पणियों को लेकर विपक्ष ने असंसदीय भाषा के आरोप लगाए और सदन में जोरदार विरोध दर्ज कराया।
विवाद उस समय और बढ़ गया, जब जगत सिंह नेगी ने विधानसभा में जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री रहते हुए किए गए कार्यों पर सवाल उठाए। विपक्ष ने इसे व्यक्तिगत हमला बताते हुए कड़ा ऐतराज जताया। इसके जवाब में राजस्व मंत्री ने भी विपक्ष के नेता के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल HC के आदेश : पुलिस नशा तस्करों को हिंदी में बताए, आपको क्यों किया जा रहा अरेस्ट
इससे राजनीतिक माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया। तनाव की चरम स्थिति तब सामने आई, जब आपदा के बाद राहत कार्यों का जायजा लेने सराज क्षेत्र पहुंचे जगत सिंह नेगी के साथ कथित बदसलूकी हुई। उनकी गाड़ी रोके जाने और जूते फेंके जाने की घटना ने इस राजनीतिक टकराव को सड़क तक पहुंचा दिया, जिस पर एफआईआर भी दर्ज हुई।
ऐसे माहौल में जन्मदिन के मौके पर हुई यह सौहार्दपूर्ण मुलाकात सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। माना जा रहा है कि यह कदम दोनों नेताओं के बीच जमी बर्फ को पिघला सकता है और भविष्य में सियासी संवाद का रास्ता खोल सकता है।