#विविध
March 21, 2026
हिमाचल जेल में बंद कैदी की मौ*त, उम्रकैद की काट रहा था सजा- 13 साल पहले किया था 'कांड'
कैदी की अचानक हुई मौ*त से सदमे में पूरा परिवार
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन में उम्रकैद की सजा काट रहे एक बुजुर्ग कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना ने जेल प्रशासन और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि कैदी पिछले करीब 13 वर्षों से हत्या के मामले में सजा काट रहा था। वह लंबे समय से गले के कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और उसका उपचार PGI चंडीगढ़ में चल रहा था।
मृतक की पहचान 67 वर्षीय हरभजन सिंह के रूप में हुई है- जो कि पांवटा साहिब का रहने वाला था। हरभजन सिंह को दो दिन पहले ही उपचार के लिए चंडीगढ़ ले जाया गया था- जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए कीमोथेरेपी की सलाह दी थी।
इसके बाद शुक्रवार को उसे दांत निकालने की प्रक्रिया के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज लाया गया। दोपहर के समय दंत उपचार के बाद उसे वापस आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन लाया गया, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसे मुंह से खून आने लगा, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेल प्रशासन ने बिना देर किए उसे दोबारा नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की। मगर शाम करीब 7 बजे के आसपास उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शव को फिलहाल मेडिकल कॉलेज में सुरक्षित रखा गया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
जेल अधीक्षक भानु प्रकाश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कैदी पहले से ही गंभीर बीमारी से ग्रस्त था और उसका नियमित इलाज चल रहा था। उन्होंने कहा कि परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर जेलों में बंद कैदियों के स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधाओं पर चर्चा छेड़ती है। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कैदियों के लिए समय पर और समुचित इलाज उपलब्ध कराना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बना रहता है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं, वहीं परिजन भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।