#यूटिलिटी

March 21, 2026

हिमाचल में थम गया बारिश का सिलसिला : निकली खिली-खिली धूप, जानें अब कब बरसेंगे बादल

बारिश-बर्फबारी के कारण लुढ़का तापमान

शेयर करें:

Himachal Weather Update

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीते तीन दिनों तक जारी रही तेज बारिश और बर्फबारी के बाद आखिरकार मौसम ने करवट ली है। आज सुबह से धूप खिली हुई है- जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। लगातार बिगड़े मौसम और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया था। मगर आज निकली धूप ने ठिठुरन से जूझ रहे प्रदेशवासियों को कुछ सुकून जरूर दिया है।

मौसम का बदला मिजाज

मार्च के तीसरे सप्ताह में इस बार मौसम ने सामान्य पैटर्न को पूरी तरह पीछे छोड़ दिया। प्रदेश में सामान्य से करीब ढाई गुना अधिक बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई, जिसके चलते तापमान में असामान्य गिरावट देखने को मिली।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: छोटी उम्र के चोर गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने रस्सियों के सहारे ढांक में उतर कर दबोचे

कई शहरों में लुढ़का तापमान

कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से 12 से 16 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया, जो इस मौसम के लिहाज से काफी चौंकाने वाला है। हालात ऐसे बन गए कि दिन का तापमान भी रात के न्यूनतम तापमान की सीमा के करीब पहुंच गया।

भारी बर्फबारी से कटा संपर्क

भारी बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति में देखने को मिला, जहां सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया और घाटी का संपर्क शेष दुनिया से कट गया। वहीं कुल्लू जिला भी मौसम की मार से अछूता नहीं रहा। जगह-जगह भूस्खलन की घटनाओं ने हालात को और बिगाड़ दिया। कुल्लू के इनर अखाड़ा क्षेत्र में स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि प्रशासन को एहतियात के तौर पर 10 से ज्यादा घर खाली करवाने पड़े।

यह भी पढ़ें : रणवीर सिंह की "धुरंधर-2" ने रचा इतिहास, फिल्म में हिमाचल की बेटी के किरदार ने बटोरी सुर्खियां 

NH पर भूस्खलन का खतरा

मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी खतरा लगातार बना हुआ है। बनाला के पास एक बार फिर से भूस्खलन का खतरा बढ़ गया, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और रास्तों को बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

बढ़ गया ठंड का असर

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया है। 20 मार्च को जहां सामान्यतः न्यूनतम तापमान दर्ज होना चाहिए, वहां इस बार अधिकतम तापमान उसी स्तर तक गिर गया है। वहीं मनाली की ऊंची चोटियों पर बीती रात ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया।

यह भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मोदी देंगे हिमाचल को बड़ी सौगात, लोगों का सच होगा वर्षों पुराना सपना; जानें

राहत की उम्मीद...

हालांकि, आने वाले दिनों को लेकर थोड़ी राहत की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) कमजोर पड़ सकता है, जिससे निचले और मध्यम क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है। हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

फिर एक बार बदलेगा मौसम

23 मार्च को एक बार फिर मौसम के करवट लेने के संकेत हैं, जब मध्यम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी दोबारा शुरू हो सकती है। इसके बाद 24 और 25 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 26 मार्च को फिर से प्रदेश में मौसम बिगड़ सकता है और बारिश-बर्फबारी का नया दौर देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार देगी महंगाई का झटका: पेट्रोल-डीजल पर लगेगा 'अनाथ एवं विधवा सेस' जानें कितना

किसानों-बागवानों की बढ़ी चिंता

विदित रहे कि, मार्च का यह महीना हिमाचल में सर्दियों की वापसी जैसा महसूस करा रहा है। मौसम के इस बदले मिजाज ने जहां एक ओर पर्यटन गतिविधियों को प्रभावित किया है, वहीं दूसरी ओर किसानों और बागवानों के लिए भी चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल लोगों की नजरें आसमान पर टिकी हैं और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मौसम स्थिर होगा और जनजीवन पटरी पर लौटेगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख