राजनीति

#विविध

August 30, 2026

हिमाचल के स्वास्थ्य संस्थानों में 500 करोड़ से लगेंगी आधुनिक मशीनें, 650 डॉक्टरों की भर्ती करेगी सुक्खू सरकार

हिमाचल के मेडिकल कॉलेजों में एम्स दिल्ली जैसी मिलेगी सुविधाएं

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

cm sukhu doctor recrutment

हमीरपुर।  हिमाचल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्था को हाईटेक बनाने की दिशा में सुक्खू सरकार ने बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। अब प्रदेश के लोगों को गंभीर बीमारियों की जांच और बेहतर उपचार के लिए दूसरे राज्यों के बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक डायग्नॉस्टिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं।

 

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को नादौन विधानसभा क्षेत्र के कांगू में जन स्वास्थ्य शिविर के शुभारंभ अवसर पर यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मेडिकल कॉलेजों में स्थापित की जाने वाली अत्याधुनिक मशीनरी से मरीजों की जांच पहले के मुकाबले कहीं अधिक सटीक और प्रभावी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इस स्तर की कई मशीनें फिलहाल देश के चुनिंदा बड़े चिकित्सा संस्थानों में ही उपलब्ध हैं। सरकार का उद्देश्य हिमाचल के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य तकनीक की सुविधा प्रदेश में ही उपलब्ध करवाना है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के मंदिर में बवाल : पुजारी ने पहले कहे जातिसूचक शब्द, फिर डंडे से पी*टा, FIR दर्ज

500 करोड़ से बदलेगी मेडिकल कॉलेजों की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में अत्याधुनिक डायग्नॉस्टिक सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके लिए करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस इन मशीनों के माध्यम से बीमारियों की पहचान अधिक सटीक तरीके से करने में मदद मिलेगी। जांच रिपोर्ट जल्द मिलने से डॉक्टरों को उपचार की सही दिशा तय करने में सुविधा होगी और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध करवाया जा सकेगा।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने बदला टैक्स सिस्टम, अब लगेगा 'अनाथ और विधवा उपकर' जानें कितना पड़ेगा जेब पर बोझ

स्वास्थ्य विभाग में 650 डॉक्टरों की भर्ती 

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार डॉक्टरों की कमी को दूर करने पर भी काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 650 डॉक्टरों की नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें 300 मेडिकल ऑफिसर, 200 स्पेशलिस्ट डॉक्टर और 150 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर शामिल होंगे। सरकार का मकसद मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ प्रदेश के 70 आदर्श चिकित्सा संस्थानों में भी विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है।

हमीरपुर में खुलेगा उत्तर भारत का पहला अलाइड हेल्थ सर्विसेज संस्थान

मुख्यमंत्री ने जोलसप्पड़ में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज के जल्द शुभारंभ की बात भी कही। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज परिसर में उत्तर भारत का पहला अलाइड हेल्थ सर्विसेज संस्थान स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस संस्थान में इसी वर्ष से दाखिले शुरू करवाने की दिशा में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। इसके शुरू होने से अलाइड हेल्थ सर्विसेज से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के प्रशिक्षित प्रोफेशनल्स हमीरपुर में ही तैयार किए जा सकेंगे।

 

यह भी पढ़ें : पिता नहीं रहे तो मां बनी सहारा, रीटा ने मेहनत के दम पर पास की UGC NET-JRF परीक्षा

नादौन और हमीरपुर में लगातार लगेंगे स्वास्थ्य शिविर

कांगू में आयोजित जन स्वास्थ्य शिविर में लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नादौन विधानसभा क्षेत्र के साथ हमीरपुर जिले के अन्य हिस्सों में भी जन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को उनके नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें और समय रहते बीमारियों की पहचान हो सके।

कांगू स्कूल को मिलेगा आधुनिक स्वरूप

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य के साथ शिक्षा क्षेत्र को लेकर भी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि कांगू के सीनियर सेकेंडरी स्कूल को राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का दर्जा दिया गया है। यहां नया भवन तैयार किया जाएगा और विद्यार्थियों को आधुनिक एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अलावा कांगू प्राथमिक स्कूल के भवन का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू करने की बात मुख्यमंत्री ने कही।

 

यह भी पढ़ें : आउटसोर्स कर्मियों के आएंगे अच्छे दिन! CM सुक्खू लाने जा रहे ठोस नीति, लॉटरी को बताया भाग्य

स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ शिक्षा पर भी सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक चुनौतियों के बावजूद स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर उपचार उपलब्ध हो। कांगू में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख