#विविध
May 22, 2025
सितंबर में आऊंगा, शादी की तारीख पक्की कर लेना- तैयारियों में जुटी थी मां, परिवार के सपने हुए चूर
जो बेटा घर की खुशियों की बात करता था, वह अब तिरंगे में लिपटा लौट रहा है
शेयर करें:
कांगड़ा। कारगिल के द्रास सेक्टर में भूस्खलन की चपेट में आकर शहीद हुए कांगड़ा जिले के हलूं गांव के अग्निवीर नवीन कुमार ने अपने आखिरी वक्त में मां से कहा था कि अबकी बार छुट्टी में आऊंगा तो मेरे लिए लड़की देख लेना, शादी की तारीख पक्की कर लेना, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
सितंबर 2025 में छुट्टी लेकर घर आने का इंतजार था, लेकिन देश की सेवा करते-करते उनका सफर अधूरा रह गया। नवीन के बहनोई मुनीष कुमार बताते हैं कि नवीन की शादी के लिए लड़की देखना था और तैयारी करनी थी।
नवीन पढ़ाई में तेज था और खेलों में भी वह अव्वल था। कबड्डी और बैडमिंटन में उसका मन लगता था। सहपाठियों ने बताया कि वह हमेशा सबका मददगार और मिलनसार था। हलूं गांव में गहरा शोक छाया हुआ है। जो बेटा घर की खुशियों की बात करता था, वह अब तिरंगे में लिपटा लौट रहा है। विधायक विपिन सिंह परमार, पंचायत प्रधान वंदना कायस्थ और अन्य लोग परिवार के साथ दुख साझा कर रहे हैं।
25 वर्षीय अग्निवीर नवीन कुमार कारगिल के द्रास सेक्टर में ड्यूटी निभाते हुए शहीद हो गए। बीती 20 मई की रात ड्यूटी के दौरान वह लैंडस्लाइड की चपेट में आ गए थे। आज दोपहर तक उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव हलूं पहुंचेगा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
20 मई की सुबह नवीन कुमार ने अपनी मां अयोध्या देवी से फोन पर बात की थी। उन्होंने मां से कहा था कि वे अगले महीने छुट्टी पर फिर आऊंगा, लेकिन रात होते-होते खबर आई कि देश ने एक और जवान खो दिया।
नवीन के पिता भूमि राम भी सेना में थे। 13 जैक राइफल में हवलदार रहे और कैंसर से जूझते हुए पांच साल पहले उनका निधन हो गया। नवीन का सहारा अब सिर्फ मां, दादा-दादी ही थे और अब वही भी अकेले रह गए।
शहीद नवीन अपनी बहन शिवानी के इकलौते भाई थे। बहन की शादी हो चुकी है, लेकिन भाई को खोना उनके लिए जीवन भर का खालीपन छोड़ गया। गांव का माहौल गमगीन है। मां बार-बार बेहोश हो रही हैं।
नवीन के परिवार में उनकी माता अजुध्या देवी, दादा भूमि राम, दादी चंपा देवी, चाचा अशोक कुमार, चाची मंजू देवी और बहनोई मुनीष कुमार शामिल हैं, जो इस अपार क्षति से टूटे हुए हैं। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
थुरल पंचायत प्रधान वंदना कुमारी ने बताया कि कारगिल में तैनात गांव के ही एक अन्य जवान ने सबसे पहले इस दुखद समाचार की जानकारी दी थी। वंदना के अनुसार नवीन मिलनसार और बेहद अनुशासित जवान था, जो हर दिल अजीज था।
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नवीन की शहादत पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि देश ने एक बहादुर सपूत को खो दिया है। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह और कांगड़ा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज सहित कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया। सोशल मीडिया से लेकर गांव की गलियों तक एक ही स्वर गूंज रहा है।