#विविध

August 31, 2025

मणिमहेश यात्रा : लोगों की आंखों के सामने बहे अपने, किसी के भाई-बहन मलबे में दफन; कोई मां-बाप से बिछड़ा

प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे बेबस परिवार

शेयर करें:

Manimahesh Yatra 2025

चंबा। हिमाचल प्रदेश की पवित्र मणिमहेश यात्रा इस बार कई श्रद्धालुओं के लिए जीवनभर का घाव छोड़ गई। भगवान शिव के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे श्रद्धालुओं को लौटते समय अचानक आई बारिश और बाढ़ ने मातम में डुबो दिया।

मणिमहेश आपदा में कई परिवार तबाह

कई परिवार अपने ही अपनों से बिछड़ गए और अब आठ दिन बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। राजस्थान से आए संगम ने बताया कि वह अपने सगे और चचेरे भाई के साथ श्रद्धा भाव से मणिमहेश यात्रा पर पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सुबह-सवेरे खाई में गिरी AMBULANCE, मची चीख-पुकार; ड्राइवर के हुए बुरे हाल

बाढ़ में बहे अपने

डल झील में पवित्र स्नान करने के बाद तीनों वापसी के लिए निकले ही थे कि अचानक बारिश और बाढ़ ने रास्ता रोक लिया। इस अफरातफरी में संगम अपने दोनों भाइयों से बिछड़ गए। वह आज भी बेसब्री से उनके लौटने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन आठ दिन बीत जाने के बाद भी भाइयों का कोई पता नहीं चल पाया है। संगम की आंखों में अब सिर्फ चिंता और लाचारी झलक रही है।

माता-पिता, भाई-बहन लापता

जम्मू के श्रद्धालु राहुल शर्मा और सौरभ ठाकुर के साथ भी ऐसा ही दर्दनाक हादसा हुआ। राहुल अपने माता-पिता के साथ यात्रा पर आए थे, जबकि सौरभ अपने भाई-बहन के साथ। वापसी के दौरान अचानक पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि सभी को सुरक्षित जगह की ओर भागना पड़ा। इस भगदड़ में राहुल के माता-पिता और सौरभ के भाई-बहन तेज धारा में बह गए। तब से आज तक उनका कोई अता-पता नहीं है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घास लाने गई महिला के साथ शख्स ने किया गंदा काम, मिली ये सजा

नहीं थम रहे आंसु

इसी तरह जम्मू की ही मोनिका भी अपनी बहन और जीजा से बिछड़ गईं। वह किसी तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंच गईं, लेकिन बहन और जीजा का अभी तक पता नहीं चला। मोनिका ने प्रशासन से रोते हुए गुहार लगाई है कि उनकी खोज की जाए।

लोगों की आंखों के सामने बहे अपने

स्थानीय प्रशासन और NDRF की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हालांकि खराब मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां तलाश में बड़ी बाधा बनी हुई हैं। मणिमहेश यात्रा, जो सदियों से आस्था और भक्ति का प्रतीक मानी जाती है, इस बार कई परिवारों के लिए दर्द और बिछड़न की कहानी बन गई। श्रद्धालु जहां एक ओर भगवान शिव के चरणों में आस्था अर्पित करने आए थे, वहीं दूसरी ओर इस आपदा ने उनके जीवन को ताउम्र के लिए बदल दिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में आपदा के बीच 'बाहुबली' बना शिक्षक, कंधे पर बाइक उठा पार की खड्ड

फिर भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। जबकि, शिमला, मंडी, सोलन और सिरमौर में बारिश का यलो अलर्ट जारी रहेगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख